Sonbhadra News: युवक पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर रूप से घायल प्राथमिक इलाज़ के बाद रेफर
स्थानीय थाना क्षेत्र के पटवध इलाके में शुक्रवार को एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया ।

sonbhadra
9:10 PM, May 15, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पटवध इलाके में शुक्रवार को एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार घायल युवक रमेश कुमार घर से काम पर जाने के लिए निकला था। आरोप है कि रास्ते में उसके भाई और उनके लड़कों समेत कुल छह लोगों ने उसे रोक लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में रमेश कुमार के सिर, कमर और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर हरिप्रसाद ने उसका प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर ने बताया कि जब घायल अस्पताल पहुंचा तब उसकी हालत गंभीर थी और उसका ब्लड प्रेशर काफी कम था। शरीर पर कई गहरी चोटें थीं। चोटों की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर कर दिया गया। डॉक्टर के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला धारदार हथियार से हमले का प्रतीत हो रहा है। घायल रमेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने बताया कि घायल का मेडिकल कराया जा रहा है, जांच कर विधिक कार्रवाई कानून के अनुसार किया जाएगा। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है तथा घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। क्षेत्र में घटना को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है।




