Sonbhadra News : सड़कों पर बेखौफ़ दौड़ रहे 'मौत के यमदूत', जिम्मेदारों ने मूंदी आँखें
यातायात माह बीत चुका है और इसी के साथ परिवहन विभाग व यातायात पुलिस ने भी अपनी जिम्मेदारी से मुँह मोड़ लिया है। अब जहाँ यातायात पुलिस बगैर हेलमेट और बगैर पार्किंग खड़े दो पहिया वाहनों का चालान कर अपनी...

sonbhadra
7:29 AM, December 12, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । यातायात माह बीत चुका है और इसी के साथ परिवहन विभाग व यातायात पुलिस ने भी अपनी जिम्मेदारी से मुँह मोड़ लिया है। अब जहाँ यातायात पुलिस बगैर हेलमेट और बगैर पार्किंग खड़े दो पहिया वाहनों का चालान कर अपनी पीठ थपथपाने में मस्त है वहीं परिवहन विभाग सड़कों पर खानापूर्ति करने में व्यस्त है। उधर सड़कों पर दिन-ब-दिन सड़क हादसे बढ़ते जा रहे हैं, जिसमें लोग अपनी जान गवाँ रहे हैं लेकिन इससे बचने के कोई भी ठोस उपाय नहीं किया जा रहा।
नगर में सिर्फ बगैर हेलमेट चालान में मस्त ट्रैफिक पुलिस -
आपको शहर के चौराहों व तिराहों पर यातायात पुलिस के जवान अपने मोबाइल के साथ मुस्तैद दिखेंगे और बगैर हेलमेट और रॉंग पार्किंग पर फोटो खिंच कर चालान करने में कोई कोताही नहीं दिखाते हैं लेकिन इसके ठीक उलट यातायात नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हुए सड़कों पर यमदूत बनकर दौड़ रहे वाहनों पर यातायात पुलिस निगाह नहीं जाती।
इसी क़ो लेकर जनपद न्यूज़ live की टीम ने रॉबर्ट्सगंज जिला मुख्यालय व आस-पास क्षेत्रों से कुछ ऐसी ही फोटो इकट्ठा की जिसक़ो देखकर आप सहज ही अंदाजा लगा सकते हैं कि कैसे ये वाहन यामदूत बनकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं लेकिन ये ना तो यातायात पुलिस और ना ही परिवहन विभाग के अधिकारियों क़ो दिखायी देते हैं। हालांकि पुलिस द्वारा ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के चालान किए जा रहे हैं लेकिन शहर में बड़ी संख्या में खस्ताहाल और नियम तोड़ने वाले कमर्शियल वाहन चल रहे हैं जिन पर कार्रवाई करने में पुलिस प्रशासन ढील बरत रहा है। बिना हैलमेट और रॉंग पार्किंग के सबसे अधिक चालान करने वाली ट्रैफिक पुलिस ने शहर में चलने वाले ओवरलोड, ओवरलैंथ और ओवरहाइट वाहनों पर नामात्र कार्रवाई की है।
शहर में चल रहे ऐसे वाहनों पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की है लेकिन हैरत की बात है कि उच्च अधिकारी नियम तोड़ने वाले वाहनों के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रहे। कुछ दिनों पूर्व यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने लोगों क़ो पुरे माह यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया है लेकिन जैसी ही यातायात माह का समापन हुआ परिवहन विभाग के अधिकारियों और यातायात पुलिस की सक्रियता दम तोड़ती दिख रही है।




