Sonbhadra News : इस स्कूल में नही पहुंचे गुरूजी, दाई ने मिड-डे मील खिलाकर बच्चों को भेजा घर
गलीमत यह था कि कीचन की चाभी रसोइया के पास था, जिसकी वजह से बच्चों को भूखा देखकर रसोइया ने मिड डे मील बनाकर बच्चों को खिलाकर घर भेज दिया ।

sonbhadra
7:58 PM, November 23, 2026
शान्तनु विश्वास/रमेश यादव
० अभिभावकों में आक्रोश
० बंद विद्यालय का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
० शिक्षा विभाग की खुली पोल
० शिक्षा विभाग की बदहाली छिपाने के लिए प्रशासन ने बाहरी लोगों के प्रवेश पर लगाई थी रोक
दुद्धी (सोनभद्र)। प्रशासन ने स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बाद स्कूल में अध्यापकों की मौज कट रही है । यहां तक कि जिन अभिभावकों के बच्चे स्कूल पढ़ने जाते हैं उन्हें भी सही जानकारी नहीं मिल पा रही । आज दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय रजखड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया । हालांकि नवागत खंड शिक्षा अधिकारी ने बयान दिया कि जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी ।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को कंपोजिट विद्यालय रजखड़ में आंगनबाड़ी केंद्र से लेकर प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय बंद थे । बच्चे अपने समय पर स्कूल तो पहुंच गए लेकिन काफी देर तक कोई भी टीचर स्कूल नहीं आया, जिसकी वजह से बच्चें स्कूल में घूमते -फिरते रहे। बताया जा रहा है कि इस विद्यालय में तीन अध्यापकों की तैनाती है, बावजूद इसके कोई भी स्कूल नही पहुंच सके । गलीमत यह था कि कीचन की चाभी रसोइया के पास था, जिसकी वजह से बच्चों को भूखा देखकर रसोइया ने मिड डे मील बनाकर बच्चों को खिलाकर घर भेज दिया । शिक्षकों की इस लापरवाही पर बच्चों के अभिभावकों में रोष देखा जा रहा है ।इस घटना से नाराज अभिभावकों ने विद्यालय परिसर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।अभिभावकों का कहना है कि कल रविवार होने के बावजूद आज सोमवार को कोई भी अध्यापक स्कूल नहीं आया । अभिभावकों का कहना है कि एक ओर सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर जिन शिक्षकों के कंधों पर बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है, वे ही गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपना रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि यह विद्यालय दुद्धी ब्लॉक मुख्यालय के काफी करीब स्थित है। बताया जा रहा है कि कक्षा 1 से 8 तक संचालित इस स्कूल में दर्जनों बच्चे नामांकित हैं, लेकिन शिक्षकों के नियमित न आने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
इस संबंध में जब नवागत खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) शशिकांत श्रीवास्तव से बात किया गया तो उनका वही रटा-रटाया सरकारी जवाब आया कि बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी कि आखिर शिक्षक स्कूल क्यों नहीं पहुंचे, और जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि जिलाधिकारी द्वारा घोरावल ब्लाक के कोरट में प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी के निरीक्षण में भी काफी कमी मिली थी, जिस पर जिलाधिकारी ने काफी नाराजगी जाहिर की थी ।




