Sonbhadra News : धूमधाम से मना विश्व आदिवासी दिवस,निकली शोभायात्रा
विश्व आदिवासी दिवस के मौके श्री राजा बरियार शाह मन्दिर से पूजा-पाठ के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई

सोनभद्र
8:07 PM, August 9, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। विकास खण्ड दुद्धी के महुली में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाया गया। गोड़राजे राजा बरियार शाह युवा संगठन पोलवा एवं आदिवासी एकता विकास संगठन महुली के संयुक्त तत्वावधान में पूजा-अर्चना के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा राजा बरियार शाह मंदिर से शुरू होकर महुअरिया रेलवे स्टेशन, रीवा-रांची मार्ग होते हुए महुली खेल मैदान पहुंची। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल महिला-पुरुषों और युवाओं ने आदिवासी संस्कृति एवं एकता का संदेश दिया।
खेल मैदान में मुख्य अतिथि सुषमा सिंह गौड़ तथा विशिष्ट अतिथि मनोज मिश्रा,ग्रान प्रधान अरविन्द जायसवाल, वीरेंद्र चौधरी ने पूर्वजों के चित्र के समक्ष दीप एवं धूप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि सुषमा सिंह गौड़ ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस अपनी गौरवशाली संस्कृति, परंपरा और पूर्वजों के संघर्ष को याद करने का अवसर है। उन्होंने समाज के लोगों से संस्कृति को संरक्षित रखने के साथ बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि मनोज मिश्रा ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति भारतीय सभ्यता की अनमोल धरोहर है। वहीं ग्राम प्रधान अरविन्द जायसवाल ने कहा कि समाज की एकता और शिक्षा ही विकास का मजबूत आधार है।
कार्यक्रम में मानर की थाप पर कर्मा एवं सैला नृत्य की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। आयोजक अध्यक्ष त्रिपुरारी सिंह, उपाध्यक्ष जितेंद्र पोयाम, रामलखन पनिका, जोगिंदर सिंह आयम, सुरेश सिंह पोयाम एवं मंदिश सिंह आयाम ने व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस मौके पर, उदय शर्मा, मनोज भारती, चंद्रप्रकाश प्रजापति, पितरम सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।




