Sonbhadra news : बेलछ के अगरडीहवा में मिला लावारिस नवजात, चाइल्ड हेल्पलाइन ने सुरक्षित कराया रेस्क्यू
प्राथमिक विद्यालय के समीप एक अज्ञात नवजात शिशु मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

sonbhadra
4:25 PM, November 21, 2026
राकेश चौबे
◆ जिला अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती नवजात, चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा इलाज
मारकुंडी (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के बेलछ स्थित टोला अगरडीहवा में शुक्रवार शाम करीब 8 बजे प्राथमिक विद्यालय के समीप एक अज्ञात नवजात शिशु मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ग्राम प्रधान श्याम नारायण सिंह के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन और चोपन पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर नवजात को सुरक्षित रेस्क्यू किया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के संरक्षण एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया के निर्देशन में हुई कार्रवाई में परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, काउंसलर अमन सोनकर तथा बाल कल्याण पुलिस अधिकारी रामज्ञान सिंह यादव शामिल रहे।
रेस्क्यू के बाद नवजात को जिला अस्पताल सोनभद्र पहुंचाकर एसएनसीयू में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है। वहीं, नियमानुसार बच्चे को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से अपील की गई है कि किसी भी असहाय या संकटग्रस्त बच्चे की जानकारी मिलने पर तत्काल 1098 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।




