Sonbhadra news : पति की लंबी उम्र के लिए महिलाओं ने रखा हरितालिका तीज का निर्जला व्रत
अखंड सौभाग्य का प्रतीक हरितालिका तीज का पर्व मंगलवार को नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा व आस्था के साथ मनाया गया

sonbhadra
7:41 PM, August 26, 2025
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन। अखंड सौभाग्य का प्रतीक हरितालिका तीज का पर्व मंगलवार को नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा व आस्था के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना कर पति की दीर्घायु व अखंड सौभाग्य की कामना की। परंपरा अनुसार महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर 24 घंटे तक जल ग्रहण नहीं किया। सुहागिनों ने सोलह शृंगार कर मंदिरों में पहुंचकर विधि-विधान से पूजन किया और पुरोहितों से व्रत कथा सुनी। देर रात तक भजन-कीर्तन के साथ धार्मिक माहौल बना रहा। नगर के गौरी शंकर मंदिर, कैलाश मंदिर, काली मंदिर सहित अन्य मंदिरों में महिलाओं की भारी भीड़ रही। हिंदू मान्यताओं के अनुसार भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हस्त नक्षत्र में हरितालिका तीज का विशेष महत्व है। इस अवसर पर व्रती महिलाओं ने घर और मंदिरों में गौरी-शंकर की मिट्टी की प्रतिमा बनाकर पूजा की तथा मां पार्वती को सुहाग का सामान अर्पित किया। इस दिन हरे रंग को विशेष महत्व दिया जाता है, इसलिए महिलाओं ने हरी चूड़ियां व हरी साड़ी धारण कर पूजन किया। व्रती महिलाएं मंगलवार को सूर्योदय के बाद व्रत का पारण करेंगी।




