Sonbhadra News : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में फर्जीवाड़े को लेकर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में हुए फर्जीवाड़े के खिलाफ आज महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष उषा चौबे के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुँच प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और....

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में फर्जीवाड़े के विरुद्ध प्रदर्शन करती महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता
sonbhadra
5:21 PM, November 26, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में हुए फर्जीवाड़े के खिलाफ आज महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष उषा चौबे के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुँच प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग की।
इस दौरान महिला जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे ने कहा कि "बीजेपी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जनपद सोनभद्र में महज दिखावा साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में जिम्मेदारों द्वारा व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। चोपन में हुए सामूहिक विवाह में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोंड़ की उपस्थिति में उनकी नाक के नीचे अधिकारियों ने फर्जीवाड़ा कर यह बता दिया कि भाजपा सरकार सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए बनी है उन्हें आम जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह में अभी सिर्फ तीन जोड़ों के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है यदि चारों तहसील में हुए सामूहिक विवाह की उच्चस्तरीय जाँच करा लिया जाय तो एक बड़ा घोटाला सामने आ सकता है।"
वहीं जिला उपाध्यक्ष शान्ति विश्वकर्मा ने कहा कि "आखिरकार पात्रों के सत्यापन में इतना गड़बड़ी कैसे हो गयी और गड़बड़ी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर अभी तक कार्यवाही क्यों नही की गई यह भी एक बड़ा सवाल है। वहीं उन्होंने भाजपा सरकार को आईना दिखाते हुए कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति का दिखावा बंद करें और भ्रष्टाचार के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करें जिससे पात्रों को लाभ मिल सके।"
इस मौके पर गीता देवी, राजकुमारी, बाबीता देवी, सीता देवी, सकुन्तला , मीरा, रामवन्ती देवी , सुनीता देवी सहित तमामअन्य कार्यकर्ता मौजूद रही।




