Sonbhadra News : धान ओसाई के दौरान पंखे की जद में आने से महिला की मौत, कोहराम
नगर से सटे मझिगवां घोरावल में रविवार की शाम कृषि कार्य में आने वाले पंखे से महिला गंभीर रूप से घायल हुई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

sonbhadra
10:40 AM, December 15, 2025
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । नगर से सटे मझिगवां घोरावल में रविवार की शाम कृषि कार्य में आने वाले पंखे से महिला गंभीर रूप से घायल हुई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया गया कि धान ओसाने का काम चल रहा था। भुवनेश्वर पटेल तथा सुरेश प्रजापति का धान ओसाया जा रहा था। मंजू देवी 36 वर्ष अपने पति सुरेश प्रजापति के साथ धान ओसाने में सहयोग कर रही थी। मंजू धान को ओसाने के लिए अपने पति को टेका रही थी कि ट्रैक्टर में धान ओसाने हेतु लगे पंखे में सारी फंस जाने के कारण पंखे की चपेट में आने से मंजू का सिर कट गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना को देखकर पति सुरेश अचेत हो गया। लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। सूचना पर मौके पर चौकी प्रभारी मयफोर्स पहुंचे। शव को कब्जा मे लेकर विधि कार्यवाही करते हुए मर्चरी हाउस लोढ़ी भिजवा दिया गया। इस घटना से परिजन मे कोहराम मच गया। बेटी प्रियंका और दो बेटे आया और सावंत रोते बिलखते रहे। खानदान परिवार रिश्तेदार सभी जुट गए। पास में ही मंजू की बुआ रहती हैं। बुआ फूफा भी मौके पर पहुंचे। इस घटना से आसपास पड़ोस के लोगो की आंखे गीली हो गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद यादव ने बताया कि धान ओसाई के दौरान पंखे की जद में आने से महिला की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।



