Sonbhadra News : हत्यारोपी महिला गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
म्योरपुर थाना क्षेत्र के कुंडाडीह हरिजन बस्ती में बुधवार देर शाम घरेलू विवाद के दौरान हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

sonbhadra
7:27 PM, January 1, 2026
एस प्रसाद (संवाददाता)
म्योरपुर (सोनभद्र) । म्योरपुर थाना क्षेत्र के कुंडाडीह हरिजन बस्ती में बुधवार देर शाम घरेलू विवाद के दौरान हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अनिल पुत्र राजा राम के रूप में हुई है।
बताया गया कि बुधवार शाम किसी बात को लेकर अनिल और उसकी भाभी सरोज देवी के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर महिला ने चारपाई की पाटी से अनिल के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से अनिल की हालत नाजुक हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जबकि उसका छोटा भाई रोज़गार के सिलसिले में गुजरात गया हुआ है। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के कुशल निर्देशन में थाना म्योरपुर पुलिस ने धारा 105 बीएनएस के तहत पंजीकृत मु0अ0सं0–149/2025 में वांछित अभियुक्ता सरोज देवी पत्नी सुनील कुमार, निवासी ग्राम कुंडाडीह (उम्र लगभग 19 वर्ष) को 01 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्ता के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय सोनभद्र के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, महिला हेड कांस्टेबल संगीता पाठक, कांस्टेबल मुकेश कुमार एवं कांस्टेबल मनोज कन्नौजिया शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




