Sonbhadra News : 18 घंटे से जाम में फंसे लोग, 20 रोडवेज बसों के पहिए थमे, यात्रियों की छूटी ट्रेन
कई यात्रियों की ट्रेन तक छूट गई, जिससे उन्हें अपनी आगे की यात्रा को लेकर परेशानी उठानी पड़ रही है। जरूरी काम से निकले लोग भी जाम में फंसकर रह गए हैं।

sonbhadra
5:52 PM, November 22, 2026
मनोज वर्मा (संवाददाता)
० बारिश और खराब वाहनों ने बढ़ाई मुसीबत, रातभर जाम खुलवाने में जुटी रही पुलिस
रेणुकूट (सोनभद्र) । पिपरी थाना क्षेत्र में पिछले लगभग 18 घंटे से लगे भीषण जाम के कारण हजारों लोग परेशान हैं। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। गाड़ियों के खराब होने से शुरू हुआ जाम लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं, पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है। बारिश के कारण सड़क पर फंसे वाहनों को हटाने और यातायात बहाल करने में काफी दिक्कत हो रही है। जाम में लगभग 15 से 20 रोडवेज बसें भी फंसी हुई हैं। बसों में सवार यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घंटों तक बसों में बैठे रहने के कारण यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई यात्रियों की ट्रेन तक छूट गई, जिससे उन्हें अपनी आगे की यात्रा को लेकर परेशानी उठानी पड़ रही है। जरूरी काम से निकले लोग भी जाम में फंसकर रह गए हैं। बताया जा रहा है कि सड़क पर कई वाहनों के खराब होने से यातायात बाधित हुआ और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। लगातार बारिश होने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही और प्रभावित हो रही है। जाम में धीरे-धीरे वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है और थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय लग रहा है। उधर, जाम खुलवाने में पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। पुलिसकर्मी पूरी रात सड़क पर डटे रहे और यातायात सामान्य कराने का प्रयास करते रहे, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी जाम नहीं खुल सका। रविवार को भी स्थिति में खास सुधार नहीं होने से लोगों की परेशानी बनी हुई है। जाम में फंसे लोग जल्द यातायात सामान्य होने की उम्मीद लगाए हुए हैं।




