Sonbhadra News : मौसम परिवर्तन के साथ ही खूंखार हुए आवारा कुत्ते, दो दिनों में 53 लोगों को काटा, दहशत
फरवरी माह में ही आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है, सोनभद्र के चतरा, रामगढ़ और नगवां क्षेत्र में बीते दो दिनों में 50 से अधिक लोगों को खूंखार आवारा कुत्तों ने काटा कर जख्मी कर दिया है। सभी को पीएचसी...

sonbhadra
11:43 PM, February 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । फरवरी माह में ही आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है, सोनभद्र के चतरा, रामगढ़ और नगवां क्षेत्र में बीते दो दिनों में 50 से अधिक लोगों को खूंखार आवारा कुत्तों ने काटा कर जख्मी कर दिया है। सभी को पीएचसी चतरा में एंटी रेबीज और टिटनेस का इंजेक्शन लगाया गया है। वहीं कुत्तों के खूंखार होने से डरे हुए लोग घर से निकलने में कतरा रहे हैं, विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग। आलम यह है कि जिले में आवारा कुत्ते व बंदरों के लिए एक भी शेल्टर होम तक नहीं हैं।
आवारा कुत्ते शहर की गलियों से लेकर गांव तक घूम रहे हैं। सरकारी कार्यालयों के साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर भी यह अक्सर घूमते नजर आ जाते हैं। जब तब बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को शिकार बना रहे हैं। जिले में जिला अस्पताल सहित हर पीएचसी व सीएचसी में कुत्ते के काटे जाने के मरीज वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे हैं।
रविवार को जहां रामगढ़ में एक आवारा कुत्ते ने कुल 30 लोगों को काट लिया था, जिसे दोपहर में ग्रामीणों ने मार दिया। वहीं आज चतरा एवं नगवा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कुत्ते के काटने की घटनाओं में कुल 23 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) चतरा में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।
सोमवार को सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक कुत्ते के काटने से प्रभावित लोग लगातार पीएचसी चतरा एक-एक कर पहुंचते रहे, जिसमें अभय (12वर्ष), हरी नरायन (85वर्ष), शिवप्रसाद (40वर्ष), कमलावती (35वर्ष), शारदा सिंह (31वर्ष), ध्रुव (4वर्ष), पवन कुमार (28वर्ष), विशंम्भर (65वर्ष), उर्मिला (45वर्ष), अनुपमा (6वर्ष), सूर्या (2वर्ष), राहुल (25वर्ष), सुनील (48वर्ष), शिवम (4वर्ष), खुशबू (15वर्ष), रीता (26वर्ष) व अन्य लोग शामिल रहे। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ0 सतीश पटेल और उनकी टीम ने सभी घायलों को रेबीज और टिटनेस का इंजेक्शन लगाया। इसके साथ ही, उन्हें सलाह दी गई कि वे काटे गए स्थान को रनिंग वाटर में 10 से 15 मिनट तक साबुन से धोएं। डाक्टर पटेल ने घायलों को यह भी बताया कि यदि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी होती है, तो वे कभी भी पीएचसी चतरा पर आ सकते हैं।
पीएचसी चतरा के नोडल अधिकारी डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद ने बताया कि "बीते दो दिनों में कुल 53 लोगों को एंटी रैबिज और टिटेनस का इंजेक्शन लगाया गया है। पीएचसी में वैक्सीन की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है, जिसमें लगभग 150 से अधिक वैक्सीन मौजूद हैं। यदि वैक्सीन की संख्या कम होती है, तो उसे जिले के सीएमएसडी स्टोर से तुरंत मंगवा लिया जाता है।"



