Sonbhadra News : अपहृत छात्रा बरामद, लेकिन अपहरण की कहानी पर पर्दा बरकरार
अपहृत छात्रा को पुलिस ने किया सकुशल बरामद, साथी की तलाश में जुटी पुलिस

sonbhadra
1:21 PM, November 26, 2024
आनन्द कुमार चौबे/एस0 प्रसाद (संवाददाता)
सोनभद्र । छह दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में दसवीं की छात्रा के अपहरण मामले में एक दिन पूर्व फिरौती की मांग को लेकर भेजे गए वीडियो के बाद हरकत में आयी पुलिस ने छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया है जबकि छात्रा का दोस्त फरार बताया जा रहा है। पुलिस टीम फरार युवक की तलाश में जुटी हुई है।
झूठी निकली छात्रा के अपहण की कहानी -
जानकारी के अनुसार म्योरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दसवीं की छात्रा गत 19 नवंबर को अपनी सहेली के घर जाने की बात कह निकली थी। इसके बाद से उसका पता नहीं चला। काफ़ी तलाश के बाद भी कुछ पता ना चलने पर घरवालों ने विंढमगंज के महुली गांव निवासी दो युवकों पर छात्रा को भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज़ कराया था। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद सोमवार को छात्रा के भाई के मोबाइल प्रणाम एक वीडियो आया। 38 सेकेण्ड के वीडियो में इसमें छात्रा रोते हुए खुद को बचाने की गुहार लगा रही थी। वीडियो के जरिए 26 नवंबर तक घरवालों से दस लाख रुपये देने और पुलिस को ना बताने की बात कही गई थी। उधर, परिजनों से जानकारी मिलते ही पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई थी।
पुलिस ने किया मामले का खुलासा -
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि "22 नवम्बर को म्योरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को भगाने का मामला पंजीकृत किया गया था, इसके बाद सोमवार को छात्रा के पिता के मोबाइल पर एक वीडियो आया। जिसमें लड़की अपने अपहरणकर्ताओं की बात मानने की बात कह रही थी, जिसके खुलासे के लिए पुलिस टीम लगी हुई थी। आज सुबह युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया है, जबकि युवती का अपहरणकर्ता अभी भी फरार है और उसकी तलाश के लिए टीमें लगी हुई है। युवती से पूछताछ में यह संज्ञान में आया है कि युवती का उसी के मुहल्ले के निवासी युवक पंकज के साथ जान-पहचान था और उसी के साथ गयी थी। आगे की पूछताछ में जो भी तथ्य सामने आएगा उसी अनुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।"




