Sonbhadra News : पति संघ मायके जा रही पत्नी हुई दुर्घटना का शिकार, बच्चों के सिर से उठा मां का साया
विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हरनाकछार निवासी पति -पत्नी बाइक से झारखंड में अपने

सोनभद्र
11:57 PM, March 27, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनाकछार निवासी बबलू गुप्ता की पत्नी सुनैना देवी की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बबलू गुप्ता अपनी मोटरसाइकिल (टीवीएस अपाची) से अपनी धर्म पत्नी सुनैना देवी को लेकर उनके मायके जा रहे थे। इसी दौरान नगर उटारी और भवनाथपुर के बीच दहेडिया जंगल के पास एक बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि महुआ के फूल बटोरने के लिए कुछ लोगों द्वारा सड़क पर पत्थर और बोल्डर रख दिए गए थे, जिससे सड़क पर अवरोध उत्पन्न हो गया था।
जैसे ही बबलू गुप्ता की बाइक वहां पहुंची, अचानक बैलेंस बिगड़ गया और सुनैना देवी बाइक से गिर पड़ीं। गिरने के दौरान उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लग गई, जिससे वे बेहोश होकर सड़क पर गिर गईं।
घटना के तुरंत बाद बबलू गुप्ता ने स्थानीय लोगों की मदद से अपनी पत्नी को उठाकर ऑटो रिक्शा के माध्यम से नगर उटारी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने नगर उटारी थाना प्रभारी को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि सुनैना देवी चैत्र नवरात्र का नौ दिन का व्रत रखी थीं। नवरात्र विसर्जन के बाद उन्हें अपने बड़े पिताजी के निधन की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह अपने पति के साथ केतार प्रखंड के ग्राम परती स्थित मायके जा रही थीं।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।



