Sonbhadra News : सड़कों पर बह रहे नालियों के पानी का जिम्मेदार कौन - आशु
आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आशुतोष कुमार दुबे (आशु) ने वार्ड नं0 14 के स्थानीय निवासियों के साथ जाम नालियों एवं सड़क पर बहते बदबूदार पानी को लेकर प्रदर्शन किया।

sonbhadra
6:51 PM, August 31, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आशुतोष कुमार दुबे (आशु) ने वार्ड नं0 14 के स्थानीय निवासियों के साथ जाम नालियों एवं सड़क पर बहते बदबूदार पानी को लेकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान आशु दुबे ने बताया कि नई बस्ती की हालत इतनी ज्यादा खराब है कि बदबूदार पानी सड़कों पर बह रहा है जहां महिलाएं, बच्चे ,बूढ़े, आमजनमानस प्रतिदिन इसी बदबूदार रास्ते से निकल कर अपने कामों पर जा रहे हैं ,बच्चे पढ़ने स्कूल जा रहे हैं उनको इसी गंदे नाली के पानी में चलकर आना-जाना पड़ रहा है। जहां इस मौसम में हम भली-भांति जानते हैं कि डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड जैसी बीमारियां ज्यादा होती है जो इस तरह जल-जमाव से एवं प्रदूषित पानी से बढ़ती हैं , ऐसे पानी बहने से बीमारियों का घर और ज्यादा बढ़ेगा। आखिर इन सबका जिम्मेदार कौन है और क्या कारण है कि इतनी बात कहने पर लगातार बोलने पर भी स्थानीय प्रशासन/जनप्रतिनिधियों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है।
आशु दुबे ने कहा कि जहां कल 1 सितंबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन यहां सोनभद्र में हो रहा है हम मांग करते हैं कि उनके भी संज्ञान में बातें जाएं क्योंकि जहां गड्ढा मुक्त और साफ सफाई पर सरकार का इतना ध्यान है वही इन लोगों द्वारा क्या किया जा रहा है ये किसी से छुपा नहीं है।
वहीं स्थानीय निवासी रवि शंकर मौर्य ने कहा कि गंदगी का आलम यह है कि इसकी बदबू से रहना मुश्किल हो रहा है इसी में चलकर हम लोग रोज घर में आते जाते हैं इसके बारे में बताया भी गया है लेकिन लोगों पर इसका कोई प्रभाव नहीं हो रहा है।
स्थानीय निवासी हाजरा बेगम ने कहा की लंबे समय से नाली बनाने को लेकर बात कही जा रही है कितने साल में नालियां बनाएंगे बात समझ में नही आती, कम से कम नाली की सफाई सही तरीके कर देते तो इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़ता।




