Sonbhadra News : दबंगों के पीछे कौन ? जो कार्यवाही से रोक रहा
अब तक मौके पर जाकर इस बात की जानकारी नहीं की गयी कि आखिर घटना के पीछे कारण क्या है। क्यों आखिर बनी बनाई सड़क जिस पर कुछ समय पहले विधायक निधि से इंटरलॉकिंग कराया गया था उसे उखाड़ दिया गया।

sonbhadra
9:46 AM, October 17, 2026
- मुसही में स्कूल सड़क को जेसीवी से उखाड़े जाने का मामला
- 48 घण्टे बाद भी मौके पर नहीं पहुंचा कोई अधिकारी
- नामजद तहरीर दिये जाने के बाद भी पुलिस मौन
- अब तक नहीं आई विधायक की कोई प्रतिक्रिया
- खुलेआम घूम रहे दबंग
शांतनु कुमार/प्रकाश खत्री
सोनभद्र। सही ग्राम पंचायत में रोड से स्कूल तक जाने वाली सड़क को दबंगों ने जेसीबी लगाकर उखाड़ दिया । इस घटना के लगभग 48 घंटे बीत गए मगर दबंगों पर अब तक कोई कार्यवाही न होना चर्चा का विषय बना हुआ है। क्षेत्र में लोगों के बीच इस बात की चर्चा तेज हो गयी है कि खुलेआम दबंगई किए जाने के बाद भी आरोपियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई । आखिर उन्हें संरक्षण कौन दे रहा है, कौन ऐसी ताकत है जिसके बल पर दबंग इतनी दबंगई दिखा रहे हैं ।
हैरान करने वाली बात यह है कि दबंग खुलेआम घूम रहे हैं स्थानीय लोग डर के साये में रहने को मजबूर हैं।
हैरानी तो इस बात की भी है कि अब तक मौके पर न शिक्षा विभाग का कोई बड़ा अधिकारी मौके पर पहुंचा और न तहसील प्रशासन का । अब तक मौके पर जाकर किसी अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण तक नहीं किया । यानी किसी को कोई फर्क ही नहीं पड़ा कि बच्चों के हित के लिए बनाई गई पक्की सड़क को दबंगों ने जेसीबी से उखाड़ दिया । अब उसी टूटी-फूटी सड़क से बच्चे और टीचर किसी प्रकार स्कूल जा रहे हैं ।
लोगों के बीच इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि दबंगों के पीछे कोई बड़ा व्यक्ति काम कर रहा है जिसके सह पर यह सब घटना घटी है । प्रधान प्रतिनिधि से लेकर स्थानीय लोग दबंग का नाम भी बता रहे हैं, तहरीर भी नामजद दी गई है मगर पुलिस भी दबंगों के आगे खामोश है। अब तक मौके पर जाकर इस बात की जानकारी नहीं की गयी कि आखिर घटना के पीछे कारण क्या है। क्यों आखिर बनी बनाई सड़क जिस पर कुछ समय पहले विधायक निधि से इंटरलॉकिंग कराया गया था उसे उखाड़ दिया गया।
दबंग न सिर्फ मेन रोड से स्कूल तक जाने वाली सड़क को उखाड़ दिया बल्कि कई घरों के सामने इतने गहरे गड्ढे खोद दिये कि लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया। अब उन घरों के लोगों को मेन रोड तक आने के लिए सोचना पड़ रहा है । स्थानीय लोगों के मुताबिक कई लोग इसी गड्ढे में गिरकर चोटील भी हो चुके हैं ।
हैरानी तो इस बात को लेकर भी है कि विधानसभा घोरावल में होने के बाद अभी तक घोरावल विधायक की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है जबकि उनके निधि से यह सड़क बनाई गई थी।
आखिर विधायक और प्रशासन की क्या मजबूरी है यह लोगों को कुछ समझ में नहीं आ रहा है और यही बात लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर इन दबंगओं को कौन संरक्षण दे रहा है ।
ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि खुलेआम दबंगई की तस्वीर और तहरीर मिलने के बाद भी पुलिस प्रशासन क्यों मौन है। साथ ही शिक्षा विभाग और तहसील प्रशासन अब तक घटना स्थल क्यों नहीं गए।
अब देखने वाली बात यह है कि प्रशासन इस मामले में चुप्पी साधे रहती है कि दबंगों पर कुछ एक्शन भी होगा ।




