Sonbhadra News : संविधान दिवस पर सोनभद्र में 41 स्थानों पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास
समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने चोपन नगर पंचायत के वार्ड नंबर-6 में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना के लिए निर्धारित स्थल पर भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।

sonbhadra
7:25 PM, November 26, 2026
शान्तनु विश्वास
० समाज कल्याण राज्य मंत्री, सदर एवं घोरावल विधायक तथा अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष ने विभिन्न स्थलों पर किया भूमि पूजन एवं शिलान्यास
० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का हुआ सजीव प्रसारण, संविधान के मूल्यों एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने का लिया गया संकल्प
सोनभद्र । संविधान दिवस के अवसर पर जनपद सोनभद्र में आज डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की प्रतिमा स्थापना के लिए 41 स्थानों पर भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य तथा उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार सहित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया।
इस क्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने चोपन नगर पंचायत के वार्ड नंबर-6 में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना के लिए निर्धारित स्थल पर भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं। प्रदेश सरकार बाबा साहब के आदर्शों और संविधान की भावना के अनुरूप समाज के सभी वर्गों के उत्थान एवं सम्मान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इसी प्रकार सदर विधायक भूपेश चौबे ने चतरा ब्लॉक के रामगढ़ गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उन्होंने समाज को शिक्षित, संगठित और जागरूक होने का संदेश दिया। उनकी प्रतिमा की स्थापना से आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों, आदर्शों और संविधान के प्रति अपने कर्तव्यों की प्रेरणा मिलेगी।
वहीं घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने करमा ब्लॉक के भवानीपुर गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार एवं अवसर प्रदान करता है। बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज में भेदभाव रहित वातावरण, सामाजिक समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने दुद्धी तहसील के जामपानी गांव सहित विभिन्न स्थलों पर डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने वंचित, शोषित एवं कमजोर वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सम्मानपूर्वक जीवन जीने का मार्ग दिखाया। उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थलों पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा सामाजिक एकता एवं समरसता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
संविधान दिवस के अवसर पर जनपद सोनभद्र में एक साथ 41 स्थानों पर आयोजित भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों, संविधान के आदर्शों तथा सामाजिक न्याय के प्रति सम्मान और प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण संदेश देने वाला रहा।




