विधायक भूपेश चौबे ने बताया कि सोनभद्र में हर साल विधायक खेल महाकुंभ का आयोजन कराया जाता है। जिसका पंजीकरण पटेल जयंती (31 अक्टूबर) से शुरू होकर अटल बिहारी वाजपेयी जयंती (25 दिसंबर) को खेलों की शुरुआत और विवेकानंद जयंती (12 जनवरी) को समापन के साथ पूरा होता है। विधायक ने बताया कि प्रदर्शनी आयोजकों को पहले ही सूचित किया गया था कि मैदान 26 अक्टूबर तक खाली कर दिया जाए। बावजूद इसके, 31 अक्टूबर तक भी प्रदर्शनी स्थल खाली नहीं हुआ, जिसके चलते एकता दौड़ मैदान के किनारे-किनारे आयोजित करनी पड़ी और रजिस्ट्रेशन सड़क पर करना पड़ रहा है। विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि चाहे हमें खुले आसमान में कार्यक्रम करना पड़े या बारिश और ठंड का सामना करना पड़े, हम खेल महाकुंभ के आयोजन को हर हाल में करेंगे। कोई भी बाधा या विरोध सामने आया तो उसका डटकर सामना किया जाएगा। प्रदर्शनी संचालक ने समय पर मैदान खाली नहीं किया, इसलिए मजबूरन हमें चौराहे पर बैठकर रजिस्ट्रेशन शुरू किया है।