Sonbhadra News : बकाया पैसा मांगा तो मिली धमकी! राजनीतिक रसूख दिखाकर कारोबारी को डराने का आरोप, FIR दर्ज
रॉबर्ट्सगंज में एक ज्वेलरी व्यवसायी के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बकाया रकम मांगना ही व्यवसायी के लिए खतरा बन गया। पैसा लौटाने के बजाय आरोपी ने न सिर्फ...........

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
11:28 PM, May 6, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
- रॉबर्ट्सगंज में ज्वेलरी व्यवसायी से लाखों की धोखाधड़ी, पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज में एक ज्वेलरी व्यवसायी के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बकाया रकम मांगना ही व्यवसायी के लिए खतरा बन गया। पैसा लौटाने के बजाय आरोपी ने न सिर्फ चेक बाउंस कराया, बल्कि सरेराह गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी तक दे डाली। मामला तूल पकड़ने पर पुलिस ने आखिरकार आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शीतला मंदिर के पास स्थित ‘श्री साई ज्वेलर्स’ के संचालक आयुष केशरवानी ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि कुरथा निवासी राकेश पटेल, जो खुद को अपना दल का जिला सचिव बताता है, ने जुलाई 2024 से नवंबर 2024 के बीच करीब 20.97 लाख रुपये के जेवरात खरीदे। इसमें से 4.50 लाख रुपये बकाया रह गए। आरोपी ने जल्द भुगतान का आश्वासन दिया, लेकिन बार-बार मांगने पर उसने पंजाब एंड सिंध बैंक का चेक दिया, जो खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण बाउंस हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि 4 जनवरी 2026 को बढ़ौली चौराहे पर जब उसने अपना बकाया मांगा तो आरोपी ने राजनीतिक दबदबा दिखाते हुए सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पूर्व में कस्बा चौकी पर सुलह के दौरान आरोपी ने 28 फरवरी 2026 तक भुगतान करने का वादा किया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी न तो रकम लौटाई गई और न ही आरोपी संपर्क में आया।
आखिरकार परेशान होकर पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की, जिसके बाद रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने 5 मई 2026 को आरोपी राकेश पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 316(2), 352 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द कार्रवाई की बात कही जा रही है।




