Sonbhadra News : मातम में बदली शादी की खुशियां, बारातियों से भरी पिकअप पलटने से तीन की मौत
रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के सिलथम स्थित कठार गांव के पास सोमवार देर शाम बारातियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक बाराती......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
11:45 AM, May 13, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के सिलथम स्थित कठार गांव के पास सोमवार देर शाम बारातियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक बाराती घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार मिर्जापुर जनपद के मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित चंदरी बांध निवासी शिव कुमार के पुत्र की बारात सोनभद्र के रामपुर चेनारी गांव जा रही थी। बारातियों से भरी पिकअप जैसे ही सिलथम गांव के पास पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे में वाहन में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना पर पहुंची रामपुर बरकोनिया पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तियरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने राजन गोंड (20वर्ष), अजय गोंड (18वर्ष) तथा विनोद गोंड (35वर्ष) निवासी मड़िहान को मृत घोषित कर दिया जबकि दो घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। शेष अन्य घायलों का इलाज जारी है। घायलों में आशीष (12 वर्ष) पुत्र सुभाष, गोलू (13 वर्ष) पुत्र प्रकाश, आकाश (15 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश, बिहारी (28 वर्ष) पुत्र रामबरन, रोहित (22 वर्ष) तथा रामसुभग (20 वर्ष) पुत्र रामप्रकाश समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी मड़िहान थाना क्षेत्र के चंदरी बांध गांव के निवासी बताए गए हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चर्चित गौड़ देर रात मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज को निर्देशित किया कि सभी घायलों का समुचित और त्वरित उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
वहीं पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होना माना जा रहा है।




