Sonbhadra news : लगातार बारिश से नदियों-बांधों का बढ़ा जलस्तर, प्रशासन अलर्ट
नदियों और बांधों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। कनहर डैम का जलस्तर 262.300 मीटर के पार पहुंचने के बाद जलस्तर नियंत्रित करने के लिए डैम के 10 फाटक खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।

sonbhadra
8:27 PM, August 31, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
--- नदी किनारे गांवों में चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
ओबरा (सोनभद्र)। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों और बांधों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। कनहर डैम का जलस्तर 262.300 मीटर के पार पहुंचने के बाद जलस्तर नियंत्रित करने के लिए डैम के 10 फाटक खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। छत्तीसगढ़ सहित आसपास के कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ी है।
कनहर के अलावा रिहंद डैम, ओबरा डैम और सोन नदी में भी पानी की आवक बढ़ने लगी है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन बांधों और नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रख रहा है। जरूरत पड़ने पर संबंधित बांधों के फाटक भी खोले जा सकते हैं।
बारिश को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने नदी किनारे बसे गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है। ओबरा एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासनिक टीम ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक कर रही है। रेणुका नदी के किनारे स्थित चकाड़ी, गुरुर, खैरटिया तथा ओबरा डैम के आसपास विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
ग्रामीणों से नदी और बांध क्षेत्र से दूर रहने तथा बच्चों और पशुओं को नदी के किनारे न जाने देने की अपील की गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के दौरान नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाना जानलेवा साबित हो सकता है।
जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम से बांधों एवं नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पर नजर बनी हुई है और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य बारिश के दौरान जनहानि और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।




