Sonbhadra news : रिहंद बांध का जलस्तर 870 फीट पार, फाटक खुलने की फिर संभावना
मानसून में झमाझम बारिश के चलते रिहंद बांध बार-बार अपनी अधिकतम क्षमता के करीब पहुंच रहा है।

sonbhadra
4:05 PM, October 4, 2025
मनोज वर्मा (संवाददाता)
★ लगातार बारिश से बढ़ा जलस्तर, सभी 6 टरबाइन फुल लोड पर चल रही हैं
रेणुकूट। इस मानसून में झमाझम बारिश के चलते रिहंद बांध बार-बार अपनी अधिकतम क्षमता के करीब पहुंच रहा है। अब तक इस मौसम में बांध के फाटक पांच बार खोले जा चुके हैं, और एक बार फिर पानी छोड़े जाने की संभावना बन गई है। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण बांध का जलस्तर शनिवार की सुबह बढ़कर 870.1 फीट तक पहुंच गया, जो इसकी अधिकतम सीमा के करीब है। बांध के कैचमेंट एरिया में हो रही निरंतर बारिश से जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल, बांध पर बनी सभी छह टरबाइनें फुल लोड पर चल रही हैं, जिनसे लगभग 300 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। साथ ही 12 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज भी किया जा रहा है, ताकि जलस्तर नियंत्रित बना रहे।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है और यदि बारिश का क्रम जारी रहा तो फाटक एक बार फिर खोलने पड़ सकते हैं। वहीं, जल विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता शशिकांत राय ने बताया कि सभी टरबाइनें वर्तमान में पूरी क्षमता से बिजली उत्पादन कर रही हैं, जिससे स्वाभाविक रूप से पानी का डिस्चार्ज भी बढ़ा है।
स्थानीय प्रशासन और सिंचाई विभाग जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आने वाले 24 घंटों में बारिश जारी रही तो फाटक खोलकर अतिरिक्त पानी छोड़ा जा सकता है ताकि बांध की सुरक्षा और जल नियंत्रण व्यवस्था प्रभावित न हो।




