Sonbhadra news : पहाड़ी ग्रामीण अंचलों में गहराया जल संकट, भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने सदर विकास खंड के मारकुंडी ग्राम पंचायत समेत आसपास के पहाड़ी ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट को गंभीर बना दिया है।

sonbhadra
2:30 PM, May 20, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने सदर विकास खंड के मारकुंडी ग्राम पंचायत समेत आसपास के पहाड़ी ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट को गंभीर बना दिया है। तेज धूप और लू के कारण जहां नदी-नाले, तालाब और तलैया सूखने की कगार पर पहुंच गए हैं, वहीं सरकारी हैंडपंपों का जलस्तर नीचे चले जाने से अधिकांश हैंडपंप पानी देना बंद कर चुके हैं। इससे ग्रामीणों के सामने रोजमर्रा के उपयोग के लिए पानी जुटाना बड़ी चुनौती बन गया है।
ग्रामीण इलाकों में सुबह से ही पानी भरने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कई गांवों में महिलाएं और बच्चे कई किलोमीटर दूर जाकर पानी लाने को मजबूर हैं। पेयजल संकट का असर केवल लोगों पर ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों और वन्य जीवों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। पानी की तलाश में मवेशी इधर-उधर भटकते नजर आ रहे हैं।
मारकुंडी ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि सूरज यादव ने बताया कि ग्राम सभा लगभग 15 टोलों में बंटी हुई है, लेकिन आज भी सभी टोलों तक नियमित जलापूर्ति नहीं पहुंच पा रही है। कई बस्तियों में पाइपलाइन विस्तार का कार्य अधूरा पड़ा है, जबकि जिन स्थानों पर हैंडपंप लगे हैं, उनमें से अधिकांश खराब हो चुके हैं या जलस्तर नीचे चले जाने के कारण पानी नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गर्मी बढ़ने के साथ समस्या और गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई परिवारों को दिन का बड़ा हिस्सा केवल पानी की व्यवस्था में लगाना पड़ रहा है।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने प्रशासन तथा संबंधित विभाग से खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत कराने, नए हैंडपंप लगाने और प्रभावित गांवों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में स्थिति और विकराल हो सकती है।




