Sonbhadra News : मतदान लोकतंत्र की आत्मा- गुलाब सिंह
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम एवं तृतीय के तत्वावधान में राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया

sonbhadra
5:03 PM, January 25, 2026
शक्तिनगर (सोनभद्र) । महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम एवं तृतीय के तत्वावधान में 25 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष में प्रथम एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया । इस आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के निर्देशानुसार स्वयंसेवकों ने मतदान का शपथ लिया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने मतदाता जागरूकता रैली निकालकर स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों से मतदान करने का आग्रह किया,ताकि भारतीय लोकतंत्र को मजबूत किया जा सके। इस कार्यक्रम में 18 वर्ष से अधिक के युवा और युवतियों को वोटर कार्ड बनवाने एवं अपने परिवार से लेकर आसपास के सभी नागरिकों को मतदान- महादान का संकल्प दिलवाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए संस्था के प्रभारी डॉ० प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि आज जब हम विकसित भारत बनाने का संकल्प ले रहे हैं तब विकसित उत्तर प्रदेश बनाना हमारा प्राथमिक कर्तव्य है और इस दिशा में आज के युवा अग्रणी भूमिका निभा सकते हैंl इसमें आवश्यकता सिर्फ उन्हें सही दिशा देने की है। समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी गुलाब सिंह ने मतदान- महादान का संकल्प दोहराया और कहा कि भारतीय लोकतंत्र की परिपक्वता का सबसे बड़ा आधार नागरिकों का अधिकाधिक मतदान में सहभागिता करना है। इसके लिए राष्ट्रीय सेवा योजना का आज का यह प्रयास एक निर्णायक कदम है क्योंकि आसपास के स्थानीय नागरिकों में शिक्षा की कमी है । इसलिए मतदान के प्रति जागरूकता ही लोकतंत्र को सशक्त बनाएगी। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की तरफ से मुख्य अतिथि का पुष्प गुच्छ और शाल भेंट कर स्वागत किया गया । कार्यक्रम अधिकारी डॉ० विनोद कुमार पाण्डेय ने सहभागियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ०छोटेलाल प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान गायन से हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पायल, कोमल, हिमांशु, अंकित, रोशनी, पूनम, काजल, प्रभा, खुशी, आशुतोष ,अंकित, नीरज, रोहित की भूमिका सराहनीय रही।




