Sonbhadra News : वोर्टेक्स कप 2026 : रोमांचक मुकाबले में वोर्टेक्स ओबरा ने यूथ किंग को 38 रनों से हराया, लक्ष्य बने 'मैन ऑफ द मैच'
वोर्टेक्स कप 2026 के छठे दिन एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। वोर्टेक्स ओबरा ने अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर यूथ किंग को 38 रनों से करारी शिकस्त देकर अगले दौर में अपनी जगह मजबूत की।

sonbhadra
4:56 PM, June 11, 2026
घनश्याम पांडे (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र)। वोर्टेक्स कप 2026 के छठे दिन एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। वोर्टेक्स ओबरा ने अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर यूथ किंग को 38 रनों से करारी शिकस्त देकर अगले दौर में अपनी जगह मजबूत की। मैच की शुरुआत में वोर्टेक्स ओबरा के कप्तान ने टॉस जीता और पिच के मिजाज को भांपते हुए पहले बल्लेबाजी करने का साहसिक फैसला लिया। निर्धारित 8 ओवरों के इस सीमित और तेज तर्रार मुकाबले में वोर्टेक्स के बल्लेबाजों ने मैदान के चारों तरफ रनों की बौछार कर दी। हालांकि, यूथ किंग के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर दबाव बनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वोर्टेक्स ओबरा ने सूझबूझ और आक्रामक बल्लेबाजी का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए 8 ओवर में 6 विकेट खोकर 90 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। 91 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूथ किंग ओबरा की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। वोर्टेक्स ओबरा के गेंदबाजों ने कसी हुई लाइन-लेंथ से गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को हाथ खोलने का कोई मौका नहीं दिया। बड़े स्कोर के दबाव और लगातार गिरते विकेटों के कारण यूथ किंग की टीम निर्धारित 8 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर केवल 51 रन ही बना सकी। परिणामस्वरूप, वोर्टेक्स ओबरा ने यह मैच 38 रनों के बड़े अंतर से एकतरफा अपने नाम कर लिया। मैच में अपने उत्कृष्ट और मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए वोर्टेक्स ओबरा के खिलाड़ी लक्ष्य को सर्वसम्मति से मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। मुख्य अतिथि दलवीर समरा ने उन्हें ट्रॉफी प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के सफल आयोजन और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति और मुख्य पदाधिकारी आयोजन अध्यक्ष राजेश पंडित, आयोजन सचिव प्रदीप शर्मा, प्रतियोगिता मीडिया प्रभारी अजीत सिंह, मैच के दौरान सोनू राय, विमलेश दीक्षित, फैजल खान, शुभम जायसवाल, आयुष माली, सिद्धार्थ गौतम, शुभम सिंह और आबिद खान मुख्य रूप से मौजूद रहे और खिलाड़ियों का ताली बजाकर हौसला बढ़ाया। मैच प्रबंधन को सुचारू रूप से चलाने में बैकस्टेज टीम का बड़ा योगदान रहा। डिजिटल और मैनुअल स्कोरर की भूमिका हिंमाशु कुशवाहा ने बखूबी निभाई। वहीं, मैदान पर निष्पक्ष और सटीक फैसले लेते हुए निर्णायक (अंपायर) के रूप में रोशन सिंह एवं प्रवीण सिंह मुस्तैद दिखे। टूर्नामेंट के छठे दिन के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले ने मैदान पर मौजूद दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।




