Sonbhadra news : 20 सितंबर को रामलीला मैदान से उठेगी सवर्ण समाज की आवाज
जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में 20 सितंबर को सवर्ण समाज से जुड़े विभिन्न संगठनों का महासम्मेलन आयोजित होने जा रहा है।

sonbhadra
2:05 PM, September 19, 2026
शांतनु कुमार
-- आरक्षण सुधार, एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न मुद्दों पर महासम्मेलन की तैयारी; जुटेंगे समाज के संगठन और प्रबुद्धजन
सोनभद्र। जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में 20 सितंबर को सवर्ण समाज से जुड़े विभिन्न संगठनों का महासम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर समाज के लोगों में उत्साह दिखाई दे रहा है। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में सवर्ण समाज से जुड़े युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
सम्मेलन में यूजीसी से जुड़े मुद्दों, आरक्षण व्यवस्था में सुधार और एससी-एसटी एक्ट समेत समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किए जाने की बात कही गई है। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम के जरिए सवर्ण समाज की समस्याओं, अपेक्षाओं और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाने का प्रयास किया जाएगा।
जिला मुख्यालय पर होने वाले इस आयोजन में सोनभद्र के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के संगठन और प्रतिनिधि पहुंचेंगे। आयोजकों के मुताबिक लंबे समय से विभिन्न मुद्दों को लेकर समाज के बीच चर्चा चल रही थी, जिसे अब एक साझा मंच के माध्यम से सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजकों का दावा है कि 20 सितंबर को रामलीला मैदान सवर्ण समाज के विभिन्न संगठनों और प्रतिनिधियों की एकजुटता का प्रमुख केंद्र बनेगा।




