Sonbhadra news : पोल से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 23 वर्षी युवक की मौत
बिजली के पोल से जा टकराई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

sonbhadra
12:40 PM, November 18, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के रजधन गांव के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मझगाई निवासी अंकित शर्मा (23), पुत्र राजेश कुमार शर्मा, वेलकप गांव में अपने रिश्तेदार के यहां सगाई समारोह में शामिल होने आया था। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12 बजे वह बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान रजधन गांव के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई।
हादसे के बाद घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई। युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।




