Sonbhadra news : नशे के खिलाफ ओबरा कॉलेज में गूंजी जागरूकता की आवाज, युवाओं को दिलाया स्वस्थ जीवन का संकल्प
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा में शुक्रवार को ‘नशा मुक्ति भारत अभियान’ के तहत विशेष व्याख्यान एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।

sonbhadra
6:57 PM, September 18, 2026
घनश्याम पांडे (संवाददाता)
ओबरा, सोनभद्र। माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर से संबद्ध राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा में शुक्रवार को ‘नशा मुक्ति भारत अभियान’ के तहत विशेष व्याख्यान एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार ने कहा कि नशे की समस्या केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका असर परिवार और समाज पर भी पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा जागरूक होकर समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचा सकते हैं।
डॉ. वैशाली शुक्ला ने नशे के कारण स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन और सामाजिक परिवेश पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। वहीं डॉ. संघमित्रा ने युवाओं को राष्ट्र की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए पारिवारिक संवाद, सकारात्मक वातावरण और आवश्यक काउंसिलिंग की भूमिका पर जोर दिया। अंजलि मिश्रा ने नशे से परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक और मानसिक प्रभावों को रेखांकित करते हुए अभिभावकों, विशेषकर महिलाओं से बच्चों की संगति और गतिविधियों पर ध्यान देने की अपील की।
पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित जागरूकता सत्र में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में प्राध्यापक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को “नशा छोड़ो, जिंदगी चुनो” का संदेश देते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।




