Sonbhadra News : महंगाई के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, लहसुन-प्याज और सरसों तेल की प्रतीकात्मक पूजा
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर आरती की तथा अगरबत्ती जलाकर लहसुन, प्याज और सरसों के तेल की प्रतीकात्मक पूजा की।

sonbhadra
3:29 PM, November 17, 2026
शान्तनु विश्वास
० मोदी-योगी सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, दीप जलाकर जताया विरोध
सोनभद्र । देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर आरती की तथा अगरबत्ती जलाकर लहसुन, प्याज और सरसों के तेल की प्रतीकात्मक पूजा की। इसके माध्यम से उन्होंने आम जनता की बिगड़ती आर्थिक स्थिति और रसोई के बढ़ते बजट पर सरकार का ध्यान आकर्षित कराया।
इस मौके पर जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी का घर चलाना मुश्किल हो गया है। सरसों का तेल, लहसुन, प्याज, चीनी समेत रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। वहीं बेरोजगारी भी चरम पर है। इससे आम जनता दोहरी मार झेलने को मजबूर है।
सपा नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरी एवं अशोक भारती ने कहा कि भाजपा सरकार ने अच्छे दिनों का नारा देकर सत्ता हासिल की थी, लेकिन आज जनता महंगाई और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही है। सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। रसोई का बजट बिगड़ने से गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।
वहीं गोपाल गुप्ता एवं प्रकाश केवट ने कहा कि भाजपा सरकार आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण करने, बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और आम जनता को राहत देने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों से परेशान हो चुकी है।
प्रदर्शन में अखिलेश भारती, राजेश मौर्य, सरोज पटेल, बचाऊ बियार, सुभाष यादव, जुनैद अंसारी, राजेंद्र प्रसाद, श्यामदेव यादव एवं रोहित प्रजापति सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।




