Sonbhadra News : वेब सीरीज 'घूसखोर पंडित' के शीर्षक पर विप्र समाज में उबाल, फिल्म निर्देशक और कलाकारों के विरुद्ध सोनभद्र में FIR दर्ज
राबर्ट्सगंज कोतवाली में एक विवादित वेब सीरीज के खिलाफ विप्र समाज ने मोर्चा खोल दिया है। 'घूसखोर पंडित' नामक फिल्म के शीर्षक और उसके सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे चित्रण को लेकर विप्र समाज के लोगों......

sonbhadra
8:59 PM, February 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । राबर्ट्सगंज कोतवाली में एक विवादित वेब सीरीज के खिलाफ विप्र समाज ने मोर्चा खोल दिया है। 'घूसखोर पंडित' नामक फिल्म के शीर्षक और उसके सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे चित्रण को लेकर विप्र समाज के लोगों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में तहरीर देकर कार्यवाही की माँग। आरोप है कि वेब सीरीज जातिगत भावनाओं को आहत करने, शांति बिगाड़ने व समुदायों के बीच वैमनस्यता फैलाने के मकसद से बनाई गई है। विप्र समाज ने फिल्म को तत्काल बैन करने अन्यथा इसके विरुद्ध उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी।
शिकायतकर्ता मनीष शरण महाराज का कहना है कि "कला के नाम पर किसी समाज विशेष को अपमानित करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि डायरेक्टर और उनकी टीम की ओर से समाज में वैमनस्यता फैलाने, शांति व्यवस्था भंग करने और सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से इस सामग्री को प्रकाशित किया गया है। उन्होंने मांग किया कि इस फिल्म/वेब सीरीज को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि फिल्म पर रोक नहीं लगाई गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो विप्र समाज इसके विरुद्ध बड़ा आंदोलन करने को विवश होगा।"
प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने कहा कि "मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही और विवेचना की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी समुदाय की भावनाओं को आहत करने या शांति व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले तत्वों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।"
इस दौरान अधिवक्ता पवन कुमार मिश्रा, विनय शुक्ला, महेश शुक्ल, अरुण तिवारी, राजीव सिंह गौतम, नवीन कुमार पांडेय, विनोद शुक्ल, आनन्द ओझा, आशीष कुमार पांडेय, आलोक तिवारी, अभिषेक पाठक सहित बड़ी संख्य में विप्र समाज के लोग मौजूद रहे।



