Sonbhadra News : नगरीय क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए विधानसभा, लोकसभा और नगर पालिका के मतदान केंद्र एक हों- डॉ. धर्मवीर तिवारी
छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरवाया गया। साथ ही मृतक मतदाताओं के नाम हटवाने तथा दो स्थानों पर दर्ज नामों को नियमानुसार एक स्थान पर रखने के लिए भी आवश्यक फॉर्म भरवाए गए।

sonbhadra
2:53 PM, November 21, 2026
शान्तनु विश्वास
० मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर मतदाताओं के नामों का सत्यापन कर छूटे हुए नाम जुड़वाने की पहल की
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी एवं नगर पालिका सभासद विनोद सोनी अपने बूथ अध्यक्षों के साथ आदर्श इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पहुंचे। यहां मतदाता सूची का अवलोकन कर छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरवाया गया। साथ ही मृतक मतदाताओं के नाम हटवाने तथा दो स्थानों पर दर्ज नामों को नियमानुसार एक स्थान पर रखने के लिए भी आवश्यक फॉर्म भरवाए गए।
इस अवसर पर डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका और विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव के मतदान केंद्र अलग-अलग होने के कारण मतदाताओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है। नगर पालिका चुनाव में जिस मतदान केंद्र पर मतदाता वोट डालता है, विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में उसका मतदान केंद्र दूसरा होने से कई मतदाता असमंजस में पड़ जाते हैं। इसका सीधा असर नगरीय क्षेत्र के मतदान प्रतिशत पर पड़ता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि मतदाता सूची के भाग संख्या-18 में वार्ड संख्या-18 टीचर्स कॉलोनी का आंशिक भाग एवं वार्ड संख्या-8 जोगिया वीर मोहल्ले का आंशिक भाग शामिल है, जिसका मतदान केंद्र आदर्श इंटर कॉलेज है, जबकि नगर पालिका चुनाव में टीचर्स कॉलोनी के मतदाताओं का मतदान विवेकानंद परीक्षा गृह में होता है। ऐसी स्थिति में लगभग 400 मतदाता मतदान केंद्रों के अंतर के कारण भ्रमित होते हैं।
डॉ. तिवारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से विशेष आग्रह किया कि इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए लोकसभा, विधानसभा एवं नगर पालिका चुनाव के मतदान केंद्रों को एकीकृत किया जाए। मतदाता सूची का निर्धारण नगर पालिका के मतदान केंद्रों को भी ध्यान में रखकर किया जाए, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और नगरीय क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत बढ़ सके।
उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान में कई मतदाताओं के नाम दो अलग-अलग वार्डों में दर्ज पाए जा रहे हैं। बीएलओ द्वारा ऐसे नामों को चिह्नित कर नियमानुसार एक स्थान पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में हो, मृतक एवं अपात्र प्रविष्टियों का नियमानुसार निराकरण हो और किसी भी मतदाता का लोकतांत्रिक अधिकार न छूटे, इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को भी पूरी निष्ठा से जुटना होगा।
इस अभियान के तहत आदर्श इंटर कॉलेज के सात बूथों, विवेकानंद परीक्षा गृह एवं संस्कृत पाठशाला मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बीएलओ से मुलाकात की गई तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग किया गया।
इस अवसर पर सभासद विनोद सोनी, डब्लू तिवारी, सत्यम सोनी, राहुल शर्मा सहित भाग संख्या 13 से 19 तक के बीएलओ फुलेंद्र देव पांडेय, सुधा पांडेय, नितेश कुमार, गीता, चंदा देवी, नयन, विभा, सूरज मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




