जनसभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमें गर्व के साथ कहना चाहिए कि हम सोनभद्र के निवासी हैं। राष्ट्रगान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, विंध्य हिमाचल यमुना गंगा... यानी देश की गाथा में विंध्य का नाम स्वर्ण अक्षरों में है। जहाँ विंध्य पर्वत की चोटियाँ हों और माँ गंगा का आशीर्वाद हो, वह हमारा सोनभद्र है। उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड के अलग होने के बाद भी उत्तर प्रदेश के पास जो पर्वतीय वैभव बचा है, वह सोनभद्र और मिर्जापुर की पहचान है, यह सोनांचल जिला उत्तर प्रदेश की शान है। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाअेां से लाभार्थियों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हो रहा है, उन्होंने कहा कि बेटियों के जन्म होने पर कन्या सुमंगला योजना से लाभान्वित किया जाता है, उसके बाद शिक्षा ग्रहण करने के दौरान उन्हें छात्रवृत्ति की सुविधा उपलब्ध होती है, उसके बाद प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से विवाह भी कराया जाता है, जिसमें प्रति जोड़ों पर 1 लाख रूपये सरकार द्वारा उपलब्ध कराये जाते हैं, उन्होंने कहा कि प्राईवेट नौकरियों के माध्यम से 2 करोड़ नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराये गये हैं और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजनान्तर्गत युवाओं को रोजगार से जोड़ने हेतु 5 लाख रूपये तक ऋण सुविधा सब्सिडी के साथ उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास, प्रधानमंत्री आवास, निराश्रित महिला पेंशन योजना के माध्यम से लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है।"