Sonbhadra News : प्रधान पुत्र पर जानलेवा हमले के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से खफा ग्रामीणों ने किया एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन
जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र में ग्राम प्रधान के बेटे पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित कोमल सिंह का आरोप है कि 6 फरवरी 2026 को एक निर्माण कार्य स्थल पर विपक्षी दयाशंकर चौबे.......

पुलिस लाइन गेट पर प्रदर्शन करते मराची गांव के ग्रामीण.......
sonbhadra
6:09 PM, February 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र में ग्राम प्रधान के बेटे पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित कोमल सिंह का आरोप है कि 6 फरवरी 2026 को एक निर्माण कार्य स्थल पर विपक्षी दयाशंकर चौबे ने उन्हें लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
मराची के ग्राम प्रधान के पुत्र कोमल सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वे प्रधान के सभी कार्य देखते हैं। घटना के दिन, 6 फरवरी 2026 को, ग्राम पंचायत मराची के राजस्व गांव रेनुआं में बड़का पोखरा पर बरम बाबा के चबूतरा निर्माण का कार्य चल रहा था।
कोमल सिंह के अनुसार, विपक्षी दयाशंकर चौबे (30वर्ष) पुत्र रमाशंकर उर्फ कमलेश चौबे निवासी रेनुआं ने उन्हें फोन कर कुछ काम के लिए बुलाया। जैसे ही कोमल सिंह कार्यस्थल पर पहुंचे और अपनी बाइक खड़ी करने वाले थे, दयाशंकर ने बिना किसी बात के गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। चोट लगने पर कोमल सिंह बाइक सहित जमीन पर गिर गए, जिसके बाद दयाशंकर ने उन्हें लात-घूंसों से भी पीटा। मौके पर मौजूद कार्य कर रहे लोगों ने बीच-बचाव कर कोमल सिंह को बचाया। इस हमले में उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। कोमल सिंह ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दयाशंकर चौबे मौके से फरार हो गया।
फरार होने के बाद दयाशंकर ने कथित तौर पर कोमल सिंह को फोन कर धमकी देते हुए बताया कि "जो उखाड़ना है, उखाड़ लो। मेरे पिताजी पूर्व प्रधान हैं।" कोमल सिंह का दावा है कि उनके पास इस बातचीत का ऑडियो रिकॉर्डिंग है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत शाहगंज थानाध्यक्ष से की थी, जिन्होंने आरोपी को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
हालांकि, कोमल सिंह का आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष द्वारा अभी तक दयाशंकर चौबे को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस ने विपक्षी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 115(2), 352, 351(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। पीड़ित ने दयाशंकर चौबे को मनबढ़ और दबंग व्यक्ति बताया है, जो आए दिन गांव में मारपीट करता रहता है। उनके अनुसार, दयाशंकर के खिलाफ शाहगंज थाने में पहले से ही 2-3 मुकदमें दर्ज हैं, जिनमें गांव के पूर्व प्रधान और अन्य लोगों के साथ मारपीट के मामले शामिल हैं।
कोमल सिंह ने बताया कि वह इस बिना वजह हुए जानलेवा हमले से खुद को दुखी और अपमानित महसूस किया है। उन्होंने आशंका जताई है कि विपक्षी भविष्य में भी ऐसे कृत्य कर सकता है। अतः उन्होंने पुलिस अधीक्षक से विपक्षी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
इस दौरान घोरावल विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र मौर्या, अवधेश चौबे, गोविंद सिंह, ई0 के0डी0 सिंह, नीरज कनौजिया, लवकुश पटेल गंगा सिंह दीपक सिंह, विनय पटेल, दिनेश पटेल और कृष्णा पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




