Sonbhadra news : सामुदायिक शौचालय समय पर नहीं खुलने से ग्रामीण परेशान
ग्राम पंचायत सलखन के मुख्य बाजार स्थित सामुदायिक शौचालय के निर्धारित समय पर संचालित न होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

sonbhadra
12:34 PM, July 28, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। सदर विकासखंड की ग्राम पंचायत सलखन के मुख्य बाजार स्थित सामुदायिक शौचालय के निर्धारित समय पर संचालित न होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सुबह शौचालय बंद रहने के कारण कई लोगों को खुले में शौच के लिए मजबूर होना पड़ता है।
शौचालय पर प्रदर्शित समय-सारणी के अनुसार इसे सुबह 5 बजे से 10 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 8 बजे तक खुला रहना चाहिए। ग्रामीणों का कहना है कि इसका पालन नहीं हो रहा है। उनका आरोप है कि केयरटेकर चाबी आसपास के दुकानदारों के पास छोड़ देती हैं और शौचालय सुबह करीब 10 बजे खोला जाता है।
विजय, महेंद्र, जितेंद्र, अनिल, श्याम और मोहन समेत कई ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर शौचालय का संचालन निर्धारित समय के अनुसार सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधा का समय पर लाभ मिल सके।




