Sonbhadra news : बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता, खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल पर संकट
खेतों में पड़ी कटी फसल और खलिहानों में रखे धान के बोझ बारिश की बूंदों से भीगने लगे हैं, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहराने लगी हैं।

AI जेनरेटेड फोटो
sonbhadra
4:36 PM, November 21, 2026
राकेश चौबे
★ कटी फसल भीगने से नुकसान की आशंका, मौसम का रुख नहीं बदला तो किसानों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
मारकुंडी (सोनभद्र)। बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। धान की कटाई के बाद खेतों में पड़ी कटी फसल और खलिहानों में रखे धान के बोझ बारिश की बूंदों से भीगने लगे हैं, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहराने लगी हैं। लगातार मौसम खराब रहने की आशंका के बीच किसानों को अपनी मेहनत और लागत के नुकसान का डर सताने लगा है।
सदर विकासखंड क्षेत्र के सलखन न्याय पंचायत के अंतर्गत विभिन्न गांवों में इन दिनों किसान धान की कटाई और फसल समेटने में जुटे हुए हैं। इसी बीच अचानक हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की तैयारियों पर पानी फेरने जैसी स्थिति पैदा कर दी है। खेतों में कटी धान की फसल जहां बारिश के चलते भीग रही है, वहीं खलिहानों में रखे धान के बोझ भी सुरक्षित रखने को लेकर किसान परेशान हैं।
क्षेत्र के प्रबुद्ध किसानों का कहना है कि यदि मौसम का मिजाज जल्द नहीं बदला और बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो धान की फसल को व्यापक नुकसान हो सकता है। फसल के भीगने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ ही उपज और आर्थिक आमदनी पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
किसानों का कहना है कि पूरे साल मेहनत कर तैयार की गई फसल को समेटने के समय मौसम की मार उनके लिए बड़ी चिंता बन गई है। ऐसे में बेमौसम बारिश ने क्षेत्र के छोटे-बड़े सभी किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम साफ होने की उम्मीद लगाए किसान अपनी फसल को सुरक्षित रखने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं।




