Sonbhadra news : पुलिया टूटने से ग्रामीण परेशान, जल्द मरम्मत की मांग
अमवार गांव में पंचायत भवन और बस्ती को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली पुलिया करीब दो वर्ष से क्षतिग्रस्त है।

sonbhadra
7:32 PM, August 8, 2026
राजा (संवाददाता)
अमवार (सोनभद्र)। दुद्धी विकासखंड के अमवार गांव में पंचायत भवन और बस्ती को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली पुलिया करीब दो वर्ष से क्षतिग्रस्त है। बरसात के दिनों में पुलिया की स्थिति और खराब होने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है। समस्या से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को सड़क निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया टूटने के कारण पंचायत भवन और बस्ती के बीच आने-जाने के लिए उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय और ईंधन दोनों की खपत बढ़ रही है। क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण पूर्व में दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे लोगों में हादसे की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, ग्राम प्रधान की ओर से विभाग को पुलिया की मरम्मत के लिए कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। कुछ माह पूर्व मिट्टी डालकर रास्ता चालू कराया गया था, मगर बारिश में मिट्टी बह जाने से दोबारा आवागमन बाधित हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष भी सड़क की मरम्मत का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया था।
इसके अलावा पुनर्वास कॉलोनी का नाली का पानी भी इसी पुलिया के रास्ते बहता है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त पुलिया की शीघ्र मरम्मत कर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।




