Sonbhadra News : गंदे पानी की सप्लाई, बिजली और सरकारी भूमि पर कब्जे से नाराज ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
ग्राम सभा कोटा अंतर्गत परासपानी टोला में पेयजल, बिजली और भूमि कब्जे की समस्याओं से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।

sonbhadra
8:36 PM, June 11, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र)। विकास खंड चोपन के ग्राम सभा कोटा अंतर्गत परासपानी टोला में पेयजल, बिजली और भूमि कब्जे की समस्याओं से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। महिला-पुरुषों समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने परासपानी स्थित पानी की टंकी के पास एकत्र होकर जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट करते हुए विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि हर घर जल योजना के तहत निर्मित पानी की टंकी और पंपिंग स्टेशन का निर्माण गहरी खाईनुमा भूमि पर कराया गया है। बरसात के दौरान आसपास का गंदा पानी टंकी परिसर में भर जाता है, जिसके कारण दूषित पानी की आपूर्ति घरों तक होने लगती है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में टंकी का पानी संपर्क मार्ग तक पहुंच जाता है, जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न होकर आवागमन भी प्रभावित होता है।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री आर.के. सिंह अरमो ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई पेयजल योजना का लाभ ग्रामीणों को सही ढंग से नहीं मिल पा रहा है। कई घरों में अब तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। कहीं नल तो लगाए गए हैं, लेकिन उनमें पानी नहीं पहुंच रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि परासपानी टोला के कई घर आज भी बिजली सुविधा से वंचित हैं। साथ ही ग्राम सभा की सरकारी भूमि और आदिवासी परिवारों को आवंटित पट्टे की जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग की गई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन में आर.के. सिंह अरमो, शिव प्रसाद, रामचंद्र गोंड, हंसलाल, विजयपथ, रामबरन, पक्षीराम, रामलखन, जगदीश शर्मा, मोहन, हरिनाथ, दयालु, परमेश्वर, देवासी, बद्री, हीरालाल, रजवंती, कौशल्या, पूनम, अनीता, राजदेव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे।




