Sonbhadra news : बदहाल सड़क पर धान रोपकर ग्रामीणों ने जताया विरोध, आंदोलन की चेतावनी
बिल्ली मारकुंडी ग्राम पंचायत के खैरटिया टोला में ओम चौराहा से नदी तक जाने वाली करीब दो किलोमीटर सड़क पिछले चार-पांच वर्षों से बदहाल पड़ी है।

sonbhadra
6:08 PM, August 25, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
बिल्ली मारकुंडी, सोनभद्र। ओबरा तहसील क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी ग्राम पंचायत के खैरटिया टोला में ओम चौराहा से नदी तक जाने वाली करीब दो किलोमीटर सड़क पिछले चार-पांच वर्षों से बदहाल पड़ी है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी और कीचड़ भर जाने से करीब 10 हजार की आबादी वाले क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क की बदहाली से नाराज ग्रामीणों ने अपना दल (एस) के जिला महासचिव शिवदत्त दुबे के नेतृत्व में सड़क पर धान रोपकर विरोध जताया। इस दौरान ग्रामीणों ने परंपरागत गीत गाते हुए प्रशासन का ध्यान सड़क की समस्या की ओर आकर्षित किया।
ग्रामीण महिला सीमा ने बताया कि इसी मार्ग से बच्चों का स्कूल आना-जाना और ग्रामीणों का रोजमर्रा का आवागमन होता है। सड़क पर बने गड्ढों और जलभराव के कारण कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।
शिवदत्त दुबे ने सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी, प्रकाश व्यवस्था और जरूरत के अनुसार सड़क के चौड़ीकरण की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से बड़े पैमाने पर खनिज संपदा निकलती है, इसलिए खनिज विकास निधि से स्थानीय बुनियादी सुविधाओं का विकास कराया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।




