Sonbhadra news : ग्राम पंचायत अदलगंज में खड़ंजा निर्माण कराने की ग्रामीणों ने की मांग
विकास खंड चोपन के ग्राम पंचायत अदलगंज में ग्रामीणों ने आवागमन हेतु खड़ंजा बनाने की मांग किया है।

sonbhadra
4:42 PM, March 10, 2025
राकेश चौबे
◆ बरसात में घर से बाहर नहीं निकल पाते लोग
मारकुंडी सोनभद्र । विकास खंड चोपन के ग्राम पंचायत अदलगंज में ग्रामीणों ने आवागमन हेतु खड़ंजा बनाने की मांग किया है। अदलगंज निवासी काशीनाथ, शोभनाथ, रामधनी, मुन्ना आदि लोगों ने बताया कि इस विकास के दौर में भी आज तक हम लोगों को लिंक मार्ग पर जाने के लिए कोई भी सड़क अथवा खड़ंजे का निर्माण जिम्मेदार लोगों द्वारा नहीं करवाया गया है। वहीं बरसात के दिनों में घर से बाहर निकलना अत्यंत मुश्किल हो जाता है। बाइक अथवा साइकिल के लिए भी कोई जगह नहीं बचता। मजबूरन अपने साधनों को किसी अन्य स्थान पर छोड़ना पड़ता है। स्कूली बच्चों, मवेशी आदि को भी आने जाने में काफी दिक्कतें होती हैं। अदलगंज के ग्राम प्रधान अशोक कुमार से कई बार इस बारे में वार्ता की गई, लेकिन वह केवल और केवल आश्वासन ही देते रहे। हम ग्रामीण किसान बंधुओं के खेतों में ट्रैक्टर आदि को आने जाने में काफी दिक्कतें होती हैं। यहां लगभग दर्जनों घरों के लोग केवल पगडंडी पकड़ कर अपने घर आते जाते हैं। शादी विवाह में भी कभी भी साधन घर तक नहीं पहुंच पाता। लगभग आधा किलोमीटर तक पैदल चलने पर लिंक मार्ग मिलता है। इस आवागमन समस्या के दृष्टिगत ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से खड़ंजा निर्माण कराने की मांग की है।



