Sonbhadra News: आंगनबाड़ी कार्यकर्ती को पुष्टाहार बेचने ले जाते वक्त ग्रामीणों ने पकड़ा रंगे हाथ, मचा हंगामा
घोरावल क्षेत्र के मन्दहा गांव मे ग्रामीणों ने पुष्टाहार ले जाते समय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती को रंगे हाथ पकड़ा। एक कुंतल से अधिक सामग्री अलग-अलग तीन बोरियों मे बंद मिला। सीडीपीओ को इसकी लिखित शिकायत की गई

sonbhadra
5:04 PM, September 21, 2024
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल। विकास खण्ड घोरावल के मन्दहा ग्राम में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने गांव की आंगनबाड़ी कार्यकत्री को लाभार्थियों का पुष्टाहार निजी बस में ले जाते हुए रंगेहाथ पकड़ा। सूचना पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने पकड़े गए पुष्टाहार का तौल कराया तो 1.07 कुंतल वजन निकाला। ग्राम प्रधान ने सीडीपीओ को शिकायती पत्र लिख मामले के जांच एवम दोषी आंगनबाड़ी कार्यकत्री पर कार्रवाई की मांग की। वहीं घटना से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। घटना 16 सितंबर की बताई जा रही है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लक्ष्मी नारायण शुक्ला ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा लाभार्थियों का पुष्टाहार बेचने के उद्देश्य से बस से ले जाया जा रहा है। जिसपर ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ते हुए पुष्टाहार को जब्त कर लिया। पकड़े गए पुष्टाहार को जब्त करते उसका वजन कराया गया तो लगभग एक कुंतल सात किलो तौल निकला।
आरोप लगाते हुए कहा कि उक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा पहले भी इस तरह के कृत्य किया जाने का मामला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ग्राम में लाभार्थियों को पुष्टाहार भी समय से नही दिया जाता। वहीं एक वीडियो में कुछ लाभार्थियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें पिछले 5-6 माह से पुष्टाहार नही मिला है।
ग्राम प्रधान ज्ञानमती देवी ने कई ग्रामीणों द्वारा हस्ताक्षरित शिकायती पत्र बाल विकास परियोजनाधिकारी को दे दोषी पर कार्रवाई की मांग की है।




