Sonbhadra News : भूमि अधिग्रहण की खबर से किसानों में रोष, प्रदर्शन कर बोले- अपनी जमीन के लिए लड़ेंगे आखिरी दम तक लड़ाई
भूमि अधिग्रहण के विरोध में आज बड़ी संख्या में राबर्ट्सगंज तहसील के लोहरा, बट और तकिया दरगाह गांव के कलेक्ट्रेट पहुंचे किसानों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसानों ने........

भूमि अधिग्रहण के विरुद्ध कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते किसान.....
sonbhadra
4:08 PM, March 25, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । भूमि अधिग्रहण के विरोध में आज बड़ी संख्या में राबर्ट्सगंज तहसील के लोहरा, बट और तकिया दरगाह गांव के कलेक्ट्रेट पहुंचे किसानों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसानों ने एकस्वर में भुमि अधिग्रहण पर रोक लगाए जाने की मांग की।
इस दौरान ग्रामीण मनोज कुशवाहा, कमलेश कुमार मौर्य, बीडीसी रविन्द्र बहादुर सिंह आदि ने कहा कि "प्रस्तावित भूमि पूरी तरह सिंचित और अत्यंत उपजाऊ है, जहां धान, गेहूं और सब्जियों की भरपूर खेती होती है। यही जमीन सैकड़ों परिवारों के जीवन-यापन का मुख्य आधार है। किसानों का साफ कहना है कि यदि यह जमीन उनसे छीनी गई, तो उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। किसानों का आरोप लगाया कि बिना समुचित जानकारी और सहमति के अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, जिससे गांव में भारी आक्रोश है। वहीं किसानों ने स्पष्ट किया कि पूरा क्षेत्र कृषि पर निर्भर है और यह जमीन ही उनके परिवारों का सहारा है। बताया कि संबंधित क्षेत्र न्याय पंचायत बट, बंटरा के अंतर्गत आता है, जो जिले के प्रमुख कृषि क्षेत्रों में गिना जाता है। यहां से बड़ी मात्रा में कृषि उत्पादन होता है।"
वहीं किसानों ने सरकार को चेताते हुए कहा कि "यदि उनकी जमीन छीनने का प्रयास किया जाएगा तो वह इसके लिए बड़ी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक है यदि उनसे उनका घर और गृहस्थी छीनी गई तो वह मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।"
इस मौके पर रवि शंकर सिंह, अजीत कुमार, दिनेश कुमार, सुदामा सिंह, विनोद कुमार, राजेश, जयप्रकाश, आकृति मौर्य, अमन कुमार, उपेंद्र कुमार, विमला देवी, आशा देवी, कन्हैया लाल, वंशराज, संजय सहित बड़ी संख्य में किसान व ग्रामीण मौजूद रहे।




