Sonbhadra News : गांव-गांव जागरूकता, घर-घर दस्तक... संचारी रोगों के खिलाफ चला व्यापक अभियान
जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग का संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान पूरी गति से संचालित किया जा रहा है। एक जुलाई से शुरू हुए संचारी अभियान तथा 11 जुलाई से...

sonbhadra
6:25 PM, July 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग का संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान पूरी गति से संचालित किया जा रहा है। एक जुलाई से शुरू हुए संचारी अभियान तथा 11 जुलाई से चल रहे दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य, पंचायतीराज एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें गांव-गांव पहुंचकर जनजागरूकता, साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और संभावित रोगियों की पहचान का कार्य युद्धस्तर पर कर रही हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, एएनएम, पंचायत सहायकों एवं ग्राम प्रधानों के सहयोग से लोगों को मच्छरजनित एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। टीमों द्वारा घर-घर जाकर लोगों को साफ-सफाई रखने, जलभराव रोकने तथा बुखार, डायरिया एवं अन्य संक्रामक रोगों के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी जा रही है।
अभियान के दौरान अब तक 1,978 विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, 348 ग्राम स्तरीय प्रभात फेरियां, 382 ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा चुका है। इसके अलावा 1,517 स्थानों पर झाड़ियों की कटाई, 1,441 हैंडपंपों की मरम्मत, 598 चबूतरों, 415 शौचालयों की मरम्मत, 823 ग्रामीण एवं 829 शहरी नालियों की सफाई, 75 नगरीय वार्डों में फॉगिंग, 137 संवेदनशील स्थलों का चिन्हांकन तथा 339 स्थानों पर कृंतक नियंत्रण के लिए गोलियों का वितरण किया गया है।
दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 1,759 बुखार के मरीजों, 1,673 आईआरएस/आरडीटी जांच, 198 आईएलआई (खांसी-जुकाम) के लक्षण वाले मरीजों, 124 डायरिया रोगियों तथा 51 जापानी इंसेफेलाइटिस के संभावित लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं उपचार उपलब्ध कराया है।
सीएमओ डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि "संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। अभियान के दौरान चिन्हित रोगियों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा लोगों से अपील की जा रही है कि अपने घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें और किसी भी प्रकार के बुखार या संक्रामक रोग के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। जनपद में यह अभियान निर्धारित अवधि तक लगातार जारी रहेगा।"




