Sonbhadra news : चुनाव तक ग्राम प्रधानों को मिले प्रशासनिक अधिकार, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपकर मांग उठाई कि पंचायत चुनाव होने तक वर्तमान ग्राम प्रधानों को ही प्रशासनिक अधिकार दिए जाएं।

sonbhadra
7:25 PM, May 18, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र)। विकास खंड चोपन क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपकर मांग उठाई कि पंचायत चुनाव होने तक वर्तमान ग्राम प्रधानों को ही प्रशासनिक अधिकार दिए जाएं। प्रधानों का कहना है कि यदि 26 मई 2026 को कार्यकाल समाप्त होने के बाद समय पर पंचायत चुनाव नहीं हो पाता है, तो किसी बाहरी अधिकारी या कर्मचारी को प्रशासक नियुक्त करने के बजाय मौजूदा ग्राम प्रधानों को ही पंचायत संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाए।
ग्राम प्रधान राम सजीवन यादव ने कहा कि ग्राम प्रधान जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि होते हैं और वे गांव की समस्याओं, जरूरतों तथा विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति से भलीभांति परिचित रहते हैं। ऐसे में बाहरी प्रशासक नियुक्त होने पर विकास कार्यों की गति प्रभावित हो सकती है।
वहीं ग्राम पंचायत अघोरी खास चौरा के प्रधान ने कहा कि पूर्व में प्रशासक नियुक्त किए जाने के दौरान कई विकास कार्य प्रभावित हुए थे। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव सम्पन्न होने तक वर्तमान जनप्रतिनिधियों को ही कार्यभार सौंपा जाना चाहिए, ताकि गांवों में विकास कार्य और जनसेवा निर्बाध रूप से जारी रह सके।
प्रधानों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों का सम्मान बनाए रखना आवश्यक है। उनका कहना था कि गांवों में विकास कार्यों की निरंतरता और जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मौजूदा प्रधानों को चुनाव तक प्रशासनिक अधिकार दिया जाना जनहित में होगा।
प्रधानों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग शासन और प्रशासन तक पहुंचाते हुए जल्द निर्णय लेने की अपील की।




