Sonbhadra News : दिघुल में प्रदूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीणों में आक्रोश, वर्षों से रिबोर की मांग पर नहीं हुई सुनवाई
हैंडपंप सड़क से नीचे होने के कारण आसपास का गंदा पानी भी बोर में पहुंचने की आशंका बनी रहती है। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार हैंडपंप का पानी पहले से ही फ्लोराइड युक्त बताया जाता है।

sonbhadra
2:55 PM, November 22, 2026
राजा (संवाददाता)
अमवार (सोनभद्र)। दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के दुद्धी-अमवार मुख्य मार्ग के किनारे स्थित दिघुल गांव में शुद्ध पेयजल की समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। गांव का एक हैंडपंप वर्षों से रिबोर और मरम्मत की बाट जोह रहा है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदारों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीण मनोज, लालकेश्वर, राजेश, मुख्तार और इकबाल ने बताया कि हैंडपंप के रिबोर की मांग कई बार ग्राम प्रधान एवं जनप्रतिनिधियों से की गई, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। हैंडपंप सड़क से नीचे होने के कारण आसपास का गंदा पानी भी बोर में पहुंचने की आशंका बनी रहती है। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार हैंडपंप का पानी पहले से ही फ्लोराइड युक्त बताया जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि आसपास पीने के पानी का कोई दूसरा विकल्प उपलब्ध नहीं है। ऐसे में एकमात्र इसी हैंडपंप पर निर्भर रहना उनकी मजबूरी बन गई है। दूषित पानी पीने की मजबूरी और जिम्मेदारों की लगातार अनदेखी से लोगों में गहरा आक्रोश है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल हैंडपंप का रिबोर कराने, पानी की गुणवत्ता की जांच कराने और स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।




