Sonbhadra News : खुली बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची का हुआ सत्यापन
विकास खण्ड दुद्धी अंतर्गत महुली के पंचायत भवन पर खुली बैठक का आयोजन किया गया जिसमें

सोनभद्र
9:15 PM, June 17, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। दुद्धी विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत महुली में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस सर्वेक्षण में चयनित लाभार्थियों की स्थायी पात्रता सूची के निर्माण को लेकर पंचायत भवन पर खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्रामीणों की भारी उपस्थिति ने योजना के प्रति लोगों के विश्वास और जागरूकता को दर्शाया।
ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नोडल अधिकारी, पंचायत अधिकारी दुद्धी आशुतोष श्रीवास्तव तथा ग्राम पंचायत अधिकारी राकेश अहीर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई। सूची के वाचन के दौरान ग्रामीणों को अपनी राय रखने और किसी भी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया।खुली बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने सूची में शामिल पात्र लाभार्थियों के नामों का समर्थन करते हुए चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और जनहितकारी बताया। ग्रामीणों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए इस प्रकार की सार्वजनिक समीक्षा अत्यंत आवश्यक है।अधिकारियों ने बैठक में योजना की पात्रता, चयन प्रक्रिया और शासन के दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर पंचायत सहायक बैजयंती शर्मा, सुधीर कुमार, बुधनाथ कन्नौजिया, अरुण कुमार गुप्ता, ईश्वरी प्रसाद यादव सहित लगभग पांच सौ ग्रामीण उपस्थित रहे।




