Sonbhadra News : किश्त की रकम डकारकर मोबाइल से बनाता था फर्जी रसीद, कंपनी को चूना लगाने वाला गिरफ्तार
ग्राहकों से ऋण की किश्त वसूलकर कंपनी में जमा करने के बजाय रकम अपने इस्तेमाल में लाने और फिर मोबाइल से रसीदों में हेराफेरी कर ग्राहकों को थमाने वाले आरोपी पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने शिकंजा कस दिया.......

sonbhadra
1:39 PM, August 25, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । ग्राहकों से ऋण की किश्त वसूलकर कंपनी में जमा करने के बजाय रकम अपने इस्तेमाल में लाने और फिर मोबाइल से रसीदों में हेराफेरी कर ग्राहकों को थमाने वाले आरोपी पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने शिकंजा कस दिया। पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी संजय कुमार मौर्य (31वर्ष) को चंडी होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पैसालो डिजिटल लिमिटेड में काम करता था और ग्राहकों से किश्त वसूलने की जिम्मेदारी संभालता था।
किश्त मिली, कंपनी तक नहीं पहुंची रकम -
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का काम ग्राहकों से ऋण की किश्त और अन्य देय धनराशि वसूलकर कंपनी में जमा कराना था। लेकिन आर्थिक लालच में उसने ग्राहकों से मिलने वाली रकम को कंपनी में जमा करने के बजाय निजी कामों में खर्च करना शुरू कर दिया। रकम हड़पने के बाद मामला खुलने से बचाने के लिए आरोपी ने मोबाइल फोन को ही ‘फर्जीवाड़े का औजार’ बना लिया। वह पैसालो कंपनी की रसीदों को मोबाइल से एडिट कर उनमें बदलाव करता और ग्राहकों को उपलब्ध करा देता था। रसीद देखकर ग्राहक यही समझते रहे कि उनकी किश्त कंपनी में जमा हो चुकी है, जबकि रकम आरोपी के पास ही रहती थी।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी -
थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज मुकदमें में आरोपी वांछित चल रहा था, पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी चंडी होटल के पास मौजूद है और कहीं जाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेरकर उसे पकड़ लिया। पहचान की पुष्टि के बाद उसे शाम करीब 6:20 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आई हेराफेरी की कहानी -
पूछताछ के दौरान आरोपी ने ग्राहकों से वसूली गई रकम कंपनी में जमा नहीं करने और एडिट की गई रसीदें देने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार इसी तरीके से कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। गिरफ्तार आरोपी संजय कुमार मौर्य पुत्र राम दुलारे, ग्राम शिवखरी, पोस्ट केकराही, खैरही, थाना रॉबर्ट्सगंज का निवासी है। उसका हाल पता ग्राम गैगुआर, पोस्ट बिच्छी बताया गया है।
आरोपी को न्यायालय भेजने की तैयारी -
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी लोढ़ी उ0नि0 उमाशंकर यादव और का0 अमित कुमार शुक्ला शामिल रहे।




