Sonbhadra News : धरती बचाओ अभियान के तहत गांव-गांव लगी किसान चौपाल, कृषि विभाग ने दी जागरूकता की जानकारी
सरकार द्वारा संचालित "धरती बचाओ अभियान" के अंतर्गत शुक्रवार को विकास खंड कोन क्षेत्र के विभिन्न गांवों में किसान चौपाल का आयोजन कर किसानों को मृदा संरक्षण और संतुलित खेती के प्रति जागरूक किया गया।

sonbhadra
8:01 PM, June 12, 2026
पी.के. विश्वकर्मा (संवाददाता)
कोन (सोनभद्र)। सरकार द्वारा संचालित "धरती बचाओ अभियान" के अंतर्गत शुक्रवार को विकास खंड कोन क्षेत्र के विभिन्न गांवों में किसान चौपाल का आयोजन कर किसानों को मृदा संरक्षण और संतुलित खेती के प्रति जागरूक किया गया।
सहायक विकास अधिकारी रंजीत कुमार प्रजापति एवं उनकी टीम ने बरवाडीह, खेमपुर, मोहिउद्दीनपुर, बागेसोती और मिटिहिनिया गांवों में पहुंचकर किसानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों और उनके सीमित एवं संतुलित प्रयोग के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने किसानों को बताया कि रासायनिक खाद का अधिक प्रयोग भूमि की उर्वरता को धीरे-धीरे कम कर देता है, जिससे मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है और भविष्य में उत्पादन क्षमता घट सकती है। इसके विपरीत जैविक एवं प्राकृतिक संसाधनों, जैसे गोबर की खाद और अन्य प्राकृतिक उर्वरकों के उपयोग से मिट्टी की सेहत बेहतर बनी रहती है तथा पौष्टिक और गुणवत्तायुक्त फसल का उत्पादन संभव होता है।
कृषि विभाग की टीम ने किसानों से अपील की कि वे टिकाऊ खेती की पद्धतियों को अपनाएं और रासायनिक उर्वरकों का आवश्यकता अनुसार ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि धरती की उर्वरता को सुरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ पर्यावरण छोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
किसान चौपाल के दौरान उपस्थित किसानों ने भी खेती से जुड़ी अपनी समस्याएं और जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका विभागीय अधिकारियों ने समाधान प्रस्तुत किया। अभियान का उद्देश्य किसानों को पर्यावरण अनुकूल खेती के प्रति प्रेरित करना और भूमि संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है।




