Sonbhadra News : सड़क हादसे में दो वर्षीय बालिका की मौत
बभनी थाना क्षेत्र के बड़होर गांव स्थित मस्जिद तिराहे पर मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय बालिका की मौत हो गई।

sonbhadra
11:48 AM, June 24, 2026
राजेश कुमार (संवाददाता)
बभनी (सोनभद्र) । बभनी थाना क्षेत्र के बड़होर गांव स्थित मस्जिद तिराहे पर मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा किया और ट्रक के शीशे तोड़ दिए । जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, बड़होर गांव निवासी नूर आलम की दो वर्षीय पुत्री रानादिल सड़क के पास मौजूद थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे 14 चक्का ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोग उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मासूम की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर ट्रक को घेर लिया। गुस्साए लोगों ने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से ट्रक के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने घंटों तक विरोध प्रदर्शन किया।सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में हालात पर काबू पाया गया और ट्रक चालक सहित वाहन को हिरासत में ले लिया गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।मृतक बच्ची रानादिल अपने माता-पिता की चार बेटियों और एक बेटे में तीसरे नंबर पर थी। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले पिता नूर आलम की हालत घटना के बाद बेहद दुखद हो गई है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




