Sonbhadra News : सड़क हादसे में अपनादल कार्यकर्ता समेत दो लोगों की मौत
घोरावल-रावर्टसगंज मार्ग पर मुड़िलाडीह गांव के समीप बुधवार की रात अज्ञात वाहन के टक्कर से बाइक सवार अपना दल के कार्यकर्ता समेत दो लोगों की मौके पर मौत हो गई।

sonbhadra
8:49 PM, April 17, 2025
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के घोरावल-रावर्टसगंज मार्ग पर मुड़िलाडीह गांव के समीप बुधवार की रात अज्ञात वाहन के टक्कर से बाइक सवार अपना दल के कार्यकर्ता समेत दो लोगों की मौके पर मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह पटेल (30) पुत्र चन्द्र शेखर पटेल व रामसूरत पटेल (50) पुत्र तिलकधारी निवासी ग्राम कुसुम्हा बुधवार को रात शादी समारोह से निमंत्रण करने के बाद शाहगंज की तरफ से बाइक से अपने घर कुसुम्हा वापस जा रहे थे कि मुड़ीलाडीह के पास एक सियार सामने आ गया। सियार से बाइक टकरा गई। बाइक से दोनों अनियंत्रित होकर गिर पड़े। तभी अचानक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए । हादसे में दोनों की हालत मरणासन्न स्थिति में हो गई और राम सूरत पटेल की सांस थम गई थी।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर अपराध निरीक्षक समसेर सिंह यादव फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तब तक राम सूरत की सांस थम चुकी थी। महेंद्र पटेल को लेकर पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंची जहां पर चिकित्सको ने महेंद्र पटेल को भी मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल के मर्चरी हाउस भिजवा दिया।
कुसुम्हा गांव मे परिजनो का रो रो कर बुरा हाल है। महेंद्र सिंह अपने माता पिता के इकलौते पुत्र थे। महेंद्र पटेल को दो वर्ष की एक बिटिया आराध्या पटेल है। पत्नी सरोज दहाड़े मारकर रोती बिलखती रही। मां-बाप के आंखों का तारा महेंद्र सिंह पटेल की मौत ने उन्हें गम में पहुचा दिया। महेंद्र पटेल अपना दल (एस) के जिला मीडिया सचिव थे। उनकी मौत की खबर लगते ही पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं मे शोक की लहर दौड़ गई।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामस्वरुप वर्मा ने बताया कि रात मे दोनों शवों को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भिजवा दिया गया है। तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है।




