Sonbhadra news : बाइक और साइकिल की भिड़ंत में दो घायल, साइकिल सवार की हालत गंभीर
वाराणसी-शक्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक और साइकिल की टक्कर से दो लोग घायल हो गए।


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र)। डाला बस स्टैंड (शहीद स्थल) के समीप वाराणसी-शक्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक और साइकिल की टक्कर से दो लोग घायल हो गए। हादसे में साइकिल सवार की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे एक साइकिल सवार सड़क पार कर दूसरी लेन की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेलगुड़वा की दिशा में जा रही तेज रफ्तार बाइक साइकिल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चालक और साइकिल सवार दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद साइकिल सवार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल बाइक चालक की पहचान योगेश, मूल निवासी हरियाणा, के रूप में हुई है। बताया गया कि वह चतरवार स्थित डाक विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में कोटा खास गांव में रह रहे हैं। वहीं घायल साइकिल सवार की पहचान सुरेश कुमार के रूप में हुई है, जो डाला स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री में कार्यरत बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलने पर सीमेंट फैक्ट्री के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और कंपनी की एंबुलेंस से घायल सुरेश कुमार को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।