Sonbhadra News : पेंशन धारक से 31 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के आरोप में दो गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र की साइबर क्राइम पुलिस ने पेंशन धारक से 31 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के आरोप में कोलकत्ता, पश्चिम बंगाल से दो कथित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया ।

sonbhadra
7:14 PM, August 13, 2026
- कोलकाता से हुई गिरफ्तारी
शांतनु कुमार
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र की साइबर क्राइम पुलिस ने पेंशन धारक से 31 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के आरोप में कोलकत्ता, पश्चिम बंगाल से दो कथित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया । उक्त जानकारी बृहस्पतिवार को एक पुलिस अधिकारी ने दी ।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय ने बताया कि 17 जून 2025 को अभियुक्तों द्वारा रेलवे से सेवा निवृत्त ओबरा , सोनभद्र निवासी शिव कुमार को काल कर स्वयं को पेंशन से संबंधित अधिकारी बताते हुए पी पी ओ ( पेंशन पेमेंट ऑर्डर ) के नंबर में गलती सुधारने तथा मोबाइल नंबर बंद होने का भय दिखाया गया l उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मी को बैंक संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर उनकी व्यक्तिगत एवं बैंक संबंधी जानकारियाँ प्राप्त कर ली गईं l सी ओ ने बताया कि अभियुक्तों द्वारा वादी के मोबाइल पर ए पी के ( एंड्रायड पैकेज किट ) फाइल का लिंक भेज कर उनकी स्क्रीन साझा कर ओ टी पी प्राप्त कर ली गई तथा पीड़ित के खाते से लगभग 31 लाख रुपये विभिन्न खातों में हस्तांतरित कर लिए गए l
क्षेत्राधिकारी पांडेय ने बताया कि वादी की शिकायत के आधार पर साइबर सेल ने धनराशि हस्तांतरित किए गए खातों का विवरण तथा अन्य तकनीकी माध्यमों से अभियुक्तों का विवरण प्राप्त कर उनकी पहचान सुनिश्चित की l उन्होंने बताया कि पुलिस ने कथित आरोपियों मनीष शाह निवासी जनपद साहेबगंज , झारखंड एवं रूपक कुमार निवासी झारखंड को गिरफ्तार किया गया l सी ओ ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 10 एंड्रॉयड मोबाइल, 1 वाई फाई राउटर , 53000 रुपया नकद एवं 4 सिम बरामद किये गए l उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह आमतौर पर पेंशन धारकों को निशाना बनाता था l




